—किराए के गुंडों से वारदात
—
चंद्रशेखर गिरी मृतक
धमतरी। किराए के गुंडे लेकर पूर्व विधायक के दो बेटों ने अपने बड़े भाई की हत्या कर दी और भाभी को बुरी तरह घायल कर दिया। चुनाव के वक्त इस घटना से माहौल गरम हो गया है। पूर्व मंत्री और कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने एसपी और थाना प्रभारी को हटाने की मांग की है।
घटना कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम मरौद की है। पूर्व विधायक स्वर्गीय सोमप्रकाश गिरी के पुत्र चंद्रशेखर गिरी, हेमगिरी और हेमेंद्र गिरी के बीच संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार को हेमगिरी और हेमेंद्र गिरी गोस्वामी 8-10 गुंडों के साथ दो वाहन में चंद्रशेखर के घर के पहुंचे और डंडा, हॉकी स्टिक, रॉड से चंद्रशेखर और उसकी पत्नी अर्चना गोस्वामी पर हमला कर दिया। दोनों को बुरी तरह घायल करने के बाद सभी भाग निकले। ग्रामीणों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने चंद्रशेखर को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल अर्चना का इलाज जारी है। चंद्रशेखर भाजपा का कार्यकर्ता था। इस हत्याकांड से भाजपाइयों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए भाजपाइयों ने थाने में पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजपा जिला उपाध्यक्ष रविकांत चंद्राकर, विधायक प्रतिनिधि कृष्णकांत साहू, मंडल अध्यक्ष कुलेश्वर चंद्राकर ने टीआई, एसडीओपी एवं एसपी को तत्काल हटाने मुख्य निर्वाचन अधिकारी, गृह सचिव के नाम एसडीएम कुरूद को ज्ञापन सौंपा।
—.
सभी बूथ को अति संवेदनशील घोषित करने की मांग
कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने भी इस मामले में आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता चंद्रशेखर गिरी की जघन्य हत्या की गई है। इससे पहले भी उन पर प्राणघातक हमला हुआ था पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। अगर आरोपियों के फोन कॉल खंगाले जाएं तो इस मामले में कुछ कांग्रेसियों के नाम सामने आएंगे। उन्होंने कुरूद विधानसभा क्षेत्र में निष्पक्ष चुनाव के लिए एसपी, एसडीओपी और कुरुद विधानसभा के सभी थानेदारों को हटाने तथा सभी बूथ को अति संवेदनशील घोषित करने की मांग की है।
0000

