हादसे के वक्त बस में सवार भारतीय यात्रियों की मौत
नई दिल्ली। नेपाल से एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहां के मदन आश्रित राजमार्ग पर हुए भूस्खलन की वजह से यात्रियों से भरी दो बसें हाइवे के पास से बह रही त्रिशूल नदी में गिर गई है। कहा जा रहा है नदी में बस के गिरने के बाद से दोनों बसें नदी के तेज बहाव की वजह से बह गई हैं। इस घटना में 60 से ज्यादा यात्री भी लापता है। बस में भारतीय मूल के लोग भी सवार थे। बसों से लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
दोनों बसें राजधानी काठमांडू जा रही थीं
पुलिस से मिली सूचना के अनुसार ये बस राजधानी काठमांडू जा रही थी। इन दोनों बसों का नाम एंजेल और गणपति डीलक्स बस था। लैंडस्लाइड की वजह से ये बसें उसकी चपेट में आ गई और ये हादसा हो गया। कुछ यात्रियों ने बस के नदी में गिरने के बाद तैरकर अपनी जान बचाई और बाद में घटना के बारे में पुलिस को सूचना दी।
एक बस में 24 तो दूसरी में थे 41 यात्री
काठमांडू पोस्ट के मुताबिक चितवन के मुख्य जिला अधिकारी इंद्रदेव यादव ने बताया कि काठमांडू जा रही एंजेस बस में 24 यात्री सवार थे, जबकि काठमांडू से गौर जा रही गणपति डीलक्स बस में करीब 41 लोग थे। हादसा सुबह 3.30 बजे के करीब का बताया जा रह है। गणपति डीलक्स बस में सवार कुछ यात्री कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
सात भारतीयों की मौत, बढ़ेगी संख्या
इस हादसे में सात भारतीयों की मौत हो गई है जबकि, बस में सवार (करीब 62) यात्री लापता हैं। हादसे की भयावहता को देखते हुए मरने वालों का आंकड़ा बढ़ भी सकता है। इस हादसे के बाद अब तक सिर्फ 3 लोग जिंदा बचे हैं। बताया जा रहा है कि बस में करीब एक दर्जन भारतीय नागरिक सवार थे।
नेपाली पीएम ने जताई संवेदना
नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ने ट्वीट किया, नारायणगढ़-मुग्लिन सड़क खंड पर भूस्खलन में बस के बह जाने से लगभग पांच दर्जन यात्रियों के लापता होने की रिपोर्ट और देश के विभिन्न हिस्सों में बाढ़ और भूस्खलन के कारण संपत्तियों के नुकसान से मैं बहुत दुखी हूं।
000

