—15 दिन में तीसरी बार झटके
नई दिल्ली। हरियाणा के फरीदाबाद में रविवार शाम चार बजकर आठ मिनट पर 3.1 तीव्रता के भूकंप का झटका महसूस किया गया। ऐसा पहली बार है, जब 15 दिनों में तीन बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने कहा कि भूकंप का केंद्र फरीदाबाद से नौ किलोमीटर पूर्व और दिल्ली से 30 किलोमीटर दक्षिणपूर्व में स्थित था। भूकंप से लोगों में दहशत उत्पन्न हो गई, जबकि दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में कई लोगों ने फर्नीचर में कंपन होने की जानकारी दी। नोएडा में भी लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए। नोएडा में प्रतीक विस्टेरिया निवासी अश्विन सक्सेना ने कहा, मैं सो रहा था। अचानक, मुझे ऐसा लगा जैसे कोई मेरे बिस्तर पर चढ़ गया हो। मैं उठा तो पाया कि यह भूकंप था। कमरे में एक लैंप और पंखा हिल रहा था। भीड़-भाड़ वाली जगहों पर मौजूद कई लोगों को भी झटके महसूस हुए। ग्रेटर नोएडा में इंडिया एक्सपो मार्ट में चल रही हस्तशिल्प प्रदर्शनी में स्टॉल लगाने वाली संगीता शर्मा बताया, मुझे ऐसा महसूस हुआ जैसे प्रदर्शनी क्षेत्र का फर्श हिल रहा हो। आसपास के लोगों ने मुझे बताया कि यह ऊपर या हमारे हॉल के बाहर की गतिविधियों के कारण हो सकता है, लेकिन जल्द ही हमें भूकंप के बारे में पता चला।
—
दो और तीन अक्टूबर को आया था भूकंप
इससे पहले दो अक्टूबर को भी दिल्ली-हरियाणा में झटके लगे थे। 3 अक्टूबर को दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, मप्र में भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.6 रही थी। इसका केंद्र नेपाल के बझांग जिले में था। इसी दिन नेपाल में एक घंटे में चार भूकंप आए थे।
000

