खेल-खेल में विज्ञान जैसे कठिन विषय को भी बनाया रोचक

व्याख्याता अनामिका और अंचल को मिलेगा राज्यपाल के हाथों पुरस्कार

अंबिकापुर। विज्ञान जैसे कठिन विषय को भी बच्चों के लिए रोचक और आसान बनाने का काम जिले के दो शिक्षकों ने किया है। शिक्षकों ने खेल खेल में रासायनिक क्रियाओं का प्रदर्शन कर बच्चों में इस कठिन विषय के प्रति रूचि पैदा की है और यही वजह है कि इन दो शिक्षकों का चयन इस बार राज्य पाल पुरस्कार के लिए किया गया है। शिक्षक दिवस पर 5 सितंबर को रायपुर में आयोजित होने वाले समारोह में उत्कृष्ट शिक्षण के लिए जिले से व्याख्याता श्रीमती अनामिका चक्रवर्ती व अंचल कुमार सिन्हा को राज्यपाल के हाथों सम्मानित किया जाएगा। इन शिक्षकों ने आधुनिक युग में विज्ञान के प्रति एक बार फिर से ग्रामीण अंचल के बच्चों में रूचि जगाने का कार्य किया है। दरअसल विज्ञान एक ऐसा विषय है जिससे ज्यादातर छात्र छात्राएं अपने शैक्षणिक जीवन में काफी दूरी बनाकर रखते है। विज्ञान में जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान व भौतिकी विज्ञान बच्चों को आसानी से समझ नहीं आते है और ऐसे में बच्चे इन विषयों में ज्यादा रूचि नहीं दिखाते है। यह समस्या ग्रामीण क्षेत्र में काफी तेजी से सामने आ रही थी और बच्चे विज्ञान विषय से दूरी बना रहे थे। ऐसे में जिले के रामपुर हायर सेकेंडरी स्कूल में पदस्थ व्याख्याता श्रीमती अनामिका चक्रवर्ती व स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में पदस्थ व्याख्याता एलबी अंचल कुमार सिन्हा ने बच्चों में विज्ञान के प्रति रूचि जगाने का कार्य किया है। शिक्षकों ने बच्चों के लिए इन कठिन विषयों को आसान बनाया गया और उन्हें आस पास होने वाली क्रियाओं, ग्रामीण परिवेश व जीवन से जोड़कर कक्षा में प्रस्तुत किया गया और खेल खेल में विज्ञान जैसे कठिन विषय को भी आसान बनाया।

—दूसरे शिक्षकों को भी मिलेगी प्रेरणा

जिले से दो उत्कृष्ट शिक्षकों का चयन राज्यपाल पुरस्कार के लिए किया गया है। यह जिले के लिए गर्व की बात है इसके साथ ही अन्य शिक्षकों को भी बच्चों की पढ़ाई को बेहतर व रोचक बनाने की प्रेरणा मिलेगी।

-डॉ. संजय गुहे, डीईओ

000

प्रातिक्रिया दे