जायसवाल होंगे अतिरिक्त न्यायाधीश
नई दिल्ली। दिल्ली सहित चार हाईकोर्ट में गुरुवार को 11 न्यायिक अधिकारियों और दो अधिवक्ताओं को अतिरिक्त न्यायाधीश तथा न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया। छत्तीसगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड के उच्च न्यायालयों में 13 नई नियुक्तियां की गईं। संजय कुमार जायसवाल को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया है। इनके अलावा न्यायमूर्ति संजीव प्रकाश शर्मा को पटना उच्च न्यायालय से पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में और मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति अतुल श्रीधरन को जम्मू-कश्मीर उच्च न्यायालय में स्थानांतरित किया गया। विधि मंत्री किरेन रीजीजू ने ट्वीट कर नियुक्तियों और स्थानांतरण की जानकारी दी।
एक आदेश में कहा गया, भारत के संविधान के अनुच्छेद 224 के खंड (1) द्वारा प्रदत्त शक्ति का प्रयोग करते हुए राष्ट्रपति ने गिरीश कथपालिया और मनोज जैन को दिल्ली उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप दो साल के लिए नियुक्त किया है। यह नियुक्ति उस तारीख से प्रभावी होगी जबसे वे अपने संबंधित कार्यालयों का प्रभार ग्रहण करेंगे। एक अन्य आदेश के अनुसार, रूपेश चंद्र वार्ष्णेय, अनुराधा शुक्ला, संजीव सुधाकर कलगांवकर, प्रेम नारायण सिंह, अचल कुमार पालीवाल, हिरदेश और अवनींद्र कुमार सिंह को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया है। इसी तरह राकेश थपलियाल, पंकज पुरोहित और विवेक भारती शर्मा को उत्तराखंड उच्च न्यायालय का न्यायाधीश बनाया गया है।
–
दो साल के लिए नियुक्ति
संजय कुमार जायसवाल को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया है। अतिरिक्त न्यायाधीशों को आमतौर पर न्यायाधीश बनाए जाने से पहले दो साल की अवधि के लिए नियुक्त किया जाता है।
000

