स्कूल की छत का प्लास्टर बच्चों पर गिरा, पांच घायल

जर्जर स्कूलों के मरम्मत नहीं होने से हो रहा हादसा

बच्चों से मिलने पहुंचे विधायक, कलेक्टर व पूर्व सांसद

फोटो जर्जर स्कूल

जगदलपुर

जर्जर स्कूल का प्लास्टर गिरने से दरभा ब्लाक के छोटेगुडरा प्रायमरी स्कूल में अध्ययनरत पांच बच्चे घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्रीय विनायक गोयल, कलेक्टर विजय दयाराम के व अन्य जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचकर बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और डाक्टरों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए।

जानकारी के मुताबिक छोटेगुडरा प्रायमरी स्कूल की छत के प्लास्टर का बड़ा हिस्सा गिरने से अध्ययनरत पांच बच्चे घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए तोकापाल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

हादसे के दौरान प्राथमिक शाला में बच्चों की क्लास चल रही थी। इसी दौरान भवन की छत के प्लास्टर का बड़ा हिस्सा भरभरा कर कमरे में पढ़ाई कर रहे बच्चों पर आ गिरा। प्लास्टर का मलबा छात्र छात्राओं के सिर और पैरों पर गिरा है। इसमें पांच विद्यार्थी घायल हो गए हैं, जिनके सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में चोट आई है। बच्चों पर प्लास्टर गिरते ही पूरी शाला में चीख पुकार मच गई और अफरा तफरी व घबराहट का माहौल निर्मित हो गया। स्कूल के शिक्षकों और ग्रामीणों ने घायल बच्चों को तुरंत तोकापाल के सामुदायिक स्वस्थ्य केंद्र में पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। इधर घटना की जानकारी लगते ही चित्रकोट विधायक विनायक गोयल व अन्य जनप्रतिनिधियों के अलावा कलेक्टर विजय दयाराम के भी मौके पर पहुंचकर बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। घायल बच्चों में दिनेश बघेल पिता सुकटा, अरविन्द बघेल पिता सुकालू, साहिल पिता समलू बघेल, गीतेश्वरी नाग पिता इंदर व हेमराज पिता श्रीनाथ वट्टी शामिल है। घायल बच्चों की उम्र 6 से 10 वर्ष के बीच बताई जा रही है। घायल सभी बच्चों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है और डॉक्टर उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। घायल बच्चों के परिजन भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तोकापाल पहुंच गए हैं।

बाक्स

सांसद व पूर्व सांसद ने जताया दुख

हादसे की जानकारी मिलते ही दिल्ली में मौजूद बस्तर सांसद महेश कश्यप ने हादसे में बच्चों के घायल होने पर दुख जताया तथा बच्चों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। सांसद महेश कश्यप ने प्रशासनिक अधिकारियों को फोन कर पूरी घटना की जानकारी ली और बच्चों को उच्च स्तरीय चिकित्सा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं सांसद महेश कश्यप ने घटना की जांच कराने की भी बात कही है। उन्होंने कहा कि वे दिल्ली से लौटते ही इस मामले में एक्शन लेंगे। वहीं प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष व पूर्व सांसद दीपक बैज ने छोटे गुंडरा प्राथमिक शाला की घटना को दुखद बताते हुए इसे साय सरकार की विफलता का नतीजा करार दिया है। बैज ने छोटे गुंडरा हादसे की जांच की मांग की है।

0000

प्रातिक्रिया दे