राहुल बोले-भाजपा की राजनीति के दो एजेंडे, नफरत बढ़ाओ-हिंसा फैलाओ

0 रायगढ़ से शुरु हुई प्रदेश में भारत जोड़ो न्याय यात्रा

रायगढ़। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की न्याय यात्रा गुरुवार को छत्तीसगढ़ पहुंची। राज्य के रायगढ़ पंहुचने पर ओडिशा और छत्तीसगढ़ की सीमा स्थित ग्राम रेंगाल पाली में उनका स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने आमसभा को संबोधित करते हुए भारत जोड़ो न्याय यात्रा का उद्देश्य स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि हम नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलते हैं। भाजपा की राजनीति के दो ही एजेंडे हैं नफरत बढ़ाओ और हिंसा फैलाओ। कांग्रेस शासन में दलित, आदिवासी और महिलाओं के साथ अन्याय, नफरत और हिंसा नहीं फैलाई जा सकती

श्री गांधी ने कहा कि भाजपा हिंसा का बाजार खोले हम अहिंसा की दुकान चलाएंगे। भाजपा का 2 प्वाइंट प्रोग्राम, अन्याय बढ़ाओ नफरत और हिंसा फैलाओ है। अन्याय का अलग अलग तरीका है, जैसे आदिवासियों की जमीन छीनी जा रही है, यह सामाजिक अन्याय है। उन्होंने कहा कि अनिल अंबानी की कंपनी में कोई भी गरीब आदिवासी, दलित और सामान्य वर्ग से नहीं है। राहुल ने कहा कि जिस दिन मैंने जाति जनगणना की बात की तब से मोदी जी ने अपना कथन बदल दिया और कहा कि देश में 2 जाति है अमीर और गरीब। उन्होंने कहा कि मोदी जी खुद को ओबीसी वर्ग का बताते हैं, जबकि सच्चाई ये है कि वे गुजरात के तेली समुदाय के हैं। तेली जाति को गुजरात सरकार ने सन 2000 में ओबीसी का दर्जा दिया था। उन्होंने कहा कि मोदी करोड़ों का सूट पहनते हैं। दिन में कई बार कपड़े बदलते हैं, फिर झूठ बोलते हैं कि मैं ओबीसी वर्ग का आदमी हूं। 73 फीसदी लोगों में सवर्ण गरीब भी हैं. अडानी की कंपनी में भी गरीब, ओबीसी, दलित, आदिवासी नहीं है. अगर मिल गया तो मैं जाति जनगणना की मांग नहीं करूंगा। उन्होंने कहा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में हमने देखा कि देश में महिलाओं, किसानों, युवाओं, मजदूरों के साथ अन्याय हो रहा है। हमें पता लगा कि अन्याय, नफरत और हिंसा के बीच में लिंक है। अन्याय होगा तो लोगों में डर होगा, फिर बीजेपी देश में हिंसा और नफरत फैला सकेगी। इसलिए हमने ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ यात्रा में हमने ‘न्याय’ शब्द जोड़ दिया है। सभा के अंत में आभार प्रदर्शन विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत नेता द्वारा किया गया। सभा को राहुल गांधी के अलावा पीसीसी अध्यक्ष छत्तीसगढ़ दीपक बैज,पीसीसी अध्यक्ष ओडिशा शरत पटनायक ने भी सम्बोधित किया।

दिल्ली रवाना हुए राहुल

राहुल गांधी सभास्थल से ही दिल्ली रवाना हो गए। अब 11 फरवरी को वे दिल्ली से वापस रायगढ़ आएंगे और शहर की गांधी प्रतिमा से उनकी भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरु होगी। रायगढ़ के अलावा खरसिया में भी राहुल की आमसभा आयोजित की गई है। कांग्रेस के तमाम बड़े नेता अगले तीन दिन रायगढ़ में ही ठहरेंगे और राहुल गांधी के वापस आने की प्रतीक्षा करेंगे। 12 फरवरी को यात्रा कोरबा होते हुए सूरजपुर पहुंचेगी। 13 फरवरी को अंबिकापुर और वहां से बलरामपुर होते हुए उत्तरप्रदेश पहुंचेगी।

छत्तीसगढ़ से यूपी जाएगी यात्रा

राहुल गांधी ने अपने न्याय यात्रा की शुरुआत मणिपुर से की थी। मणिपुर से बंगाल होते हुए न्याया यात्रा झारखंड और फिर ओड़िशा पहुंची। अब भारत जोड़ो यात्रा छत्तीसगढ़ पहुंच आई है। यहां से यात्रा उत्तरप्रदेश पहुंचेगी। राहुल गांधी के स्वागत के लिए छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट, पीसीसी चीफ दीपक बैज, पूर्व सीएम भूपेश बघेल समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रेंगालपाली में मौजूद थे।

झलकियां

00 लगभग 3000 की भीड़ सभा स्थल पर थी। सभा में पूर्व विधायक प्रकाश नायक को पुलिस ने रोक दिया, इस पर विवाद हो गया।

00 राहुल गांधी ने किसी से अपना स्वागत नहीं करवाया।

00 मंच पर कांग्रेस के सचिन पायलट, भूपेश बघेल समेत तमाम नेता मौजूद थे, लेकिन पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत के अलावा किसी का नाम नहीं लिया।

00 राहुल ने मंच के नीचे ओडिशा की रो रही शिक्षित बेरोजगार युवती से मुलाकात की। उसकी समस्या हल करने का निर्देश ओडिशा पीसीसी अध्यक्ष शरत पटनायक को दिया।

0000000

प्रातिक्रिया दे