हसदेव अरण्य को बचाने एक मंच पर साथ आए विपक्षी दल व किसान नेता

जमकर किया प्रदर्शन

पुलिस ने बीच रास्ते में ही रोका काफिला

पैदल भी धरना स्थल पर पहुंचे लोग

आंदोलन का 675 वां दिन

अंबिकापुर। अदाणी कंपनी के कोल परियोजना व पेड़ों की कटाई के विरोध में चल रहे हसदेव बचाओं आंदोलन के तहत रविवार को ग्राम हरिहरपुर में संयुक्त मोर्चा ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। हसदेव बचाओ आंदोलन में किसान नेताओं के साथ ही कांग्रेस, आप व अन्य विपक्षी पार्टियों ने हिस्सेदारी निभाई। इस दौरान प्रदर्शन को देखते हुए जिला व पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। बड़ी संख्या में आंदोलनकारियों को बीच रास्ते में ही रोक लिया गया जिससे पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की झूमाझटकी भी हुई। प्रदर्शनकारियों ने हसदेव क्षेत्र में पेड़ों की कटाई करने के साथ ही कोल उत्खनन का विरोध किया। बता दें कि हसदेव अरण्य क्षेत्र में पेड़ों की कटाई और कोल उत्खनन को लेकर स्थानीय ग्रामीणों द्वारा विगत 675 दिनों से आंदोलन किया जा रहा है। आंदोलन के तहत ग्रामीणों की मांग है कि 1 लाख 72 हेक्टेयर में फैले हसदेव अरण्य क्षेत्र को पूर्ण रूप से सुरक्षित कर पेड़ों की कटाई और कोल उत्खनन का कार्य बंद किया जाए। उदयपुर विकासखंड के ग्राम हरिहरपुर में चल रहे इस आंदोलन को देशभर से समर्थन मिल रहा है और बड़ी संख्या में लोग आंदोलन में हिस्सा लेने के लिए पहुंच रहे है। इस धरना प्रदर्शन में किसान नेताओं के साथ ही कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, आप की सचिव प्रियंका शुक्ला, आलोक शुक्ला सहित बड़ी संख्या में विपक्षी दलों के नेता, सामाजिक कार्यकर्ता पहुंचे थे।

1000 से अधिक जवानों की तैनाती

धरना स्थल पर एक हजार से अधिक पुलिस बल को तैनात किया गया था। कोरबा, कटघोरा व चोटिया के समीप धरनास्थल की ओर जा रहे लोगों को रोक दिया गया था और उनके काफिले को आगे नहीं जाने दिया गया। पुलिस व प्रशासन की सख्ती के बीच प्रदर्शनकारी एनएच 130 से लगभग तीन किलोमीटर का पैदल सफर कर धरना स्थल पर पहुंचे। पेड़ों की कटाई और कोल उत्खनन के विरोध में 5 हजार से अधिक की संख्या में विभिन्न संगठन के लोगों ने अपना विरोध जताया। देर शाम पुलिस द्वारा रोके गए वाहनों के काफिले को छोड़ने के बाद जोहार छत्तीसगढ़ के लगभग 300 वाहन घटना स्थल पहुंचे।

भाजपा कर रही लूटने का काम : बैज

धरना स्थल पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज को जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट सौंपी। कांग्रेस अध्यक्ष बैज ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा आदिवासी मुख्यमंत्री को चेहरा बनाकर अदाणी के लिए छत्तीसगढ़ के जल, जंगल और जमीन को लूटने का काम कर रही है। सरकार बनने के साथ ही हसदेव में जंगल की कटाई शुरू होना इसका प्रमाण है।

000

प्रातिक्रिया दे