—भारत जोड़ो यात्रा के दौरान वायरल हुआ वीडियो, भाजपा ने साधा निशाना
–कांग्रेस का आरोप ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को बदनाम करने वीडियो में छेड़छाड़
नई दिल्ली/खरगौन। मध्यप्रदेश में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के तीसरे दिन खूब बवाल मचा। पहले तो कांग्रेस प्रदेश कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ के मीडिया समन्वयक भाजपा में शामिल हो गए। इसके कुछ ही देर बाद भाजपा ने आरोप लगाया कि खरगोन में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल की मौजूदगी में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगे। कांग्रेस ने भाजपा के आरोप लगाए वीडियो को एक साजिश बताया है।
भाजपा आईटी प्रकोष्ठ के प्रमुख अमित मालवीय द्वारा साझा किए गए वीडियो में दावा किया गया है कि मध्य प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाए गए थे। इधर, कांग्रेस ने आरोप लगाया कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के संबंध में भारतीय जनता पार्टी के आईटी प्रकोष्ठ द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में ‘छेड़छाड़’ की गई है ताकि बेहद सफल इस यात्रा को बदनाम किया जा सके। कांग्रेस ने कहा कि हम भाजपा के ऐसे घिनौने हथकंडों के लिए तैयार हैं और उनको करारा जवाब दिया जाएगा।
भाजपा नेता मालवीय ने ट्वीट किया, राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए ऋचा चड्ढा के सार्वजनिक आह्वान के बाद, खरगोन में ‘पाकिस्तान ज़िंदाबाद’ (वीडियो के अंत में सुनें) के नारे लगाए गए। कांग्रेस सांसद ने वीडियो पोस्ट किया और फिर गड़बड़ी सामने आने के बाद इसे हटा दिया। यह कांग्रेस की सच्चाई है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा के ‘डर्टी ट्रिक्स डिपार्टमेंट’ द्वारा वीडियो में छेड़छाड़’ की गई ताकि ‘बेहद सफल’ भारत जोड़ो यात्रा को बदनाम किया जा सके। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ‘हम तत्काल आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं। हम इस तरह की रणनीति की खातिर तैयार हैं, और इसका परिणाम भुगतना होगा। रमेश ने एक अन्य ट्वीट में आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश सरकार ने छतरपुर जिले में हीरा खनन परियोजना से विस्थापित आदिवासी परिवारों को आज राहुल गांधी से मिलने से रोका और उन्हें ‘धमकी’ दी। उन्होंने कहा, यह लोकतंत्र है -भाजपा की शैली का। भाजपा की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि नारे लगाने से यह साबित हो गया कि यह वही राहुल गांधी हैं, जो जेएनयू (जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय) में उन लोगों के साथ खड़े थे जो भारत माता के टुकड़े-टुकड़े करना चाहते थे।
–
21 सेकंड का क्लिप में ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’
भाजपा आईटी प्रकोष्ठ के प्रमुख अमित मालवीय ने भारत जोड़ो यात्रा का एक वीडियो पोस्ट किया। इसमें कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी और मप्र कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को पैदल चलते हुए देखा जा सकता है और 21 सेकंड की क्लिप के अंत में कथित रूप से ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे की आवाज आती है। यह वीडियो उस समय का बताया जा रहा है, जब यात्रा खरगौन जिले के भंबराद से गुजर रही थी।
–
जयराम बोले- यात्रा से बौखलाई भाजपा
इधर, वायरल वीडियो पर कांग्रेस ने इसे भारत जोड़ो यात्रा को मिल रहे समर्थन पर भाजपा की बौखलाहट बताया। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा- भारत जोड़ो यात्रा को अपार जन समर्थन मिलता देख बौखलाई भाजपा ने यात्रा को बदनाम करने के लिए एक डॉक्टर्ड वीडियो चलाया है। हम इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं। हम भाजपा के ऐसे घिनौने हथकंडों के लिए तैयार हैं। करारा जवाब दिया जाएगा।
–
सीएम शिवराज बोले- होगी सख्त कार्रवाई
मप्र के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट किया, भारत जोड़ो यात्रा में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगना, यह भारत जोड़ना है या भारत को तोड़ने वालों को साथ जोड़ना है। पहले भी भारत तोड़ा है, क्या फिर भारत तोड़ने का इरादा है?’ उन्होंने कहा, पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने वाले किसी भी कीमत पर बचेंगे नहीं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।
–
राहुल-प्रियंका ने की नर्मदा आरती
इधर, भारत जोड़ो यात्रा के तीसरे दिन राहुल गांधी ओंकारेश्वर पहुंचे। यहां वह नर्मदा आरती में शामिल हुए। राहुल गांधी के साथ उनकी बहन प्रियंका गांधी ने नर्मदा आरती की। इस दौरान राहुल गांधी धार्मिक रंग में रंगे नजर आए। उन्होंने सिर पर मेहरून कलर की पगड़ी पहनी थी। गले में माला नजर आई। साथ ही, ऊं लिखा पीले रंग का शॉल ओढ़ रखा था, जबकि प्रियंका ने सिर पर चुनरी ओढ़ रखी थी। इस दौरान पूर्व सीएम कमलनाथ और दिग्विजय सिंह समेत कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद हैं। राहुल गांधी ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के भी दर्शन करेंगे।
000

