स्टार्टअप के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के दम पर पहली बार भारत के पांच शहरों ने दुनिया के शीर्ष सौ की सूची में जगह बनाई है। बेंगलुरू आठवें, जबकि दिल्ली 13वें पायदान पर रहा। इसके अलावा चेन्नई, पुणे और हैदराबाद भी इसमें शामिल हैं।
इज़राइल के स्टार्टअप-ब्लिंक संगठन की ओर से जारी की गई सालाना स्टार्टअप इकोसिस्टम रिपोर्ट में दावा किया है कि आने वाले कुछ सालों में भारत इस क्षेत्र में नया इतिहास गढ़ता दिखेगा। स्टार्टअप इंडेक्स में इस वर्ष एक स्थान सुधार के बाद भारत दुनिया में 19वें और एशिया-प्रशांत क्षेत्र में सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया और चीन के बाद चौथा सर्वोच्च रैंक वाला देश बन गया है।
एशिया प्रशांत क्षेत्र के देशों में भारत की रैंक ठीक चीन के पीछे हैं। इस सूची में जहां सिंगापुर और ऑस्ट्रेलिया के बाद तीसरे स्थान पर चीन है। वहीं इसके ठीक एक स्थान नीचे भारत का स्थान चौथा है। जबकि वैश्विक सूची में भारत का स्थान इससे नौ स्थान पीछे है। यहां उसे 10 वें स्थान पर रखा गया है जबकि भारत की रैंकिंग 19 है। इस सूची में भारत के ठीक नीचे 20 वें स्थान पर जापान है। पिछले साल के रिपोर्ट में भारत की रैंक 20 थी। साथ ही इस साल के रैंक आठ के मुकाबले पिछले साल बेंगलुरू की वैश्विक रैंक 10 थी।
शंघाई के टक्कर में बेंगलुरू
स्टार्टअप-ब्लिंक इंडेक्स के मुताबिक, पिछले साल शंघाई का स्कोर बेंगलुरू के स्कोर से 66% बेहतर था। मगर अब, बेंगलुरू के अच्छे प्रदर्शन की बदौलत यह अंतर कम होकर 12% से भी कम हो गया है। नतीजतन यह कहा जा सकता है कि बेंगलुरू अब अगले साल शंघाई से आगे निकल सकता है। बेंगलुरू ने शिक्षा तकनीक स्टार्टप में वैश्विक स्तर पर पांचवी रैंक हासिल की। इसके अलावा पूणे और हैदराबाद पहली बार शीर्ष 110 में शामिल हुए है। एक दूसरी रिपोर्ट ग्लोबल स्टार्टअप इकोसिस्टम रिपोर्ट- 2022 की मानें तो बेंगलुरू का इकोसिस्टम वैल्यू 105 अरब डॉलर है।
एक हजार शहरों की रैंकिंग
स्टार्टअप -ब्लिंक द्वारा इस इंडेक्स को 2017 से सालाना जारी किया जाता है। यह एक हजार शहरों और सौ देशों के स्टार्टअप इकोसिस्टम को रैंक करता है। इस रिपोर्ट में तीन मापदंडों को ध्यान में रखा गया है, स्टार्टअप की गुणवत्ता, स्टार्टअप की संख्या और कारोबारी माहौल। रिपोर्ट में कार्यप्रणाली की व्याख्या करते हुए कहा गया है, प्रत्येक स्टार्टअप इकोसिस्टम का कुल स्कोर मात्रा, गुणवत्ता और व्यावसायिक वातावरण को मापने वाले तीन सबस्कोर का योग होता है।

