बढ़ती भीड़ को लेकर उत्तराखंड सरकार का बड़ा फैसला… केदारनाथ धाम में अब नहीं होंगे वीआईपी दर्शन

जोशीमठ। चारधाम यात्रा पर लोगों के भीड़ को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ा फैसला लेते हुए बाबा केदारनाथ के धाम में अब वीआईपी दर्शन पर रोक लगा दी है। इस संबंध में आदेश जल्द जारी कर दिए जाएंगे। सरकार ने चारधाम यात्रा पर बढ़ती भीड़ को लेकर अपील की है कि जो लोग पूरी तरह से स्वस्थ न हों, वे यात्रा से बचें। उन्होंने कहा कि लोग फिलहाल कुछ समय के लिए यात्रा को टालें। वहीं इस समय विपक्ष चारधाम यात्रा पर हो रहीं मौतों और सरकार की व्यवस्थाओं को लेकर सरकार पर हमलावर है।

बता दें कि चारधाम यात्रा पर रोजाना लाखों लोग आ रहे हैं। प्रतिदिन लोगों की संख्या बढ़ रही है, इससे यात्रा मार्गों से लेकर चारों धामों में व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं। जगह-जगह घंटों तक जाम लग रहा है। भारी भीड़ के चलते और लगातार हो रही मौतों पर अब उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोगों से अपील की है।

कुछ समय के लिए टाल दें यात्रा : मुख्यमंत्री धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पिछले दो साल से यात्रा बंद होने के कारण अचानक इस बार अत्यधिक भीड़ हो रही है। उन्होंने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि जब तक उनके रुकने और खाने की पहले से व्यवस्था न हो, तब तक यात्रा को टाल दें, क्योंकि चारों धामों में सीमित संसाधन हैं। रजिस्ट्रेशन जरूर कराएं।

दर्शन के लिए केवल दो घंटे

जिलाधिकारी ने बताया कि धाम यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं को अब एक ही लाइन में खड़े होकर दर्शनों के लिए इंतजार करना होगा। लाइन में खड़े श्रद्धालुओं को दो घंटे में दर्शन कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। पिछले दिनों कुछ लापरवाही के मामले सामने आए थे। इसी वजह से कड़े कदम उठाए जा रहे हैं।

इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस तैनात

केदारनाथ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने और सुरक्षा के लिहाज़ से आईटीबीपी यानी इंडो तिब्बत बॉर्डर पुलिस को तैनात किया गया है। सिर्फ केदारनाथ धाम ही नहीं, बल्कि केदार घाटी में भी आईटीबीपी के जवान भारी भीड़ को मैनेज करने में जुटे हैं। इससे पहले यात्रियों की सुरक्षा और धाम में व्यवस्थाओं के लिए उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री धनसिंह रावत को ज़िम्मेदारी दी जा चुकी है।

सुरक्षा व चिकित्सा के इंतजाम

आईटीबीपी ने अपने आपदा प्रबंधन दलों को भी इन क्षेत्रों में अलर्ट कर दिया है। जगह-जगह ऑक्सीजन सिलेंडर और चिकित्सा उपकरणों के साथ मेडिकल टीमें तैनात की गई हैं। राज्य प्रशासन की मदद से मेडिकल इमरजेंसी और ज़रूरत पड़ने पर बीमार लोगों को निकालने का अभ्यास किया जा रहा है।

केदारनाथ में प्रतिदिन पहुंच रहे 20 हजार लोग

केदारनाथ में दर्शन करने के लिए प्रतिदिन 20 हज़ार से ज़्यादा श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। यानी धाम की तरफ आने वाले और धाम से वापसी करने वाले लोगों की भारी भीड़ केदारघाटी के सोनप्रयाग, उखीमठ और केदारनगरी जैसे इलाकों में दिख रही है। इन क्षेत्रों में श्रद्धालुओं के आने जाने पर निगरानी रखना काफी कठिन हो रहा है।

6 दिनों में लाखों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

कोरोना के चलते बंद रही चारधाम यात्रा करीब दो साल बाद शुरू हुई है। दर्शन करने के लिए श्रद्धालु भारी मात्रा में पहुंच रहे हैं। पिछले 6 दिनों में करीब 1 लाख 30 हजार लोगों ने दर्शन किए हैं। इस साल कोरोना संक्रमण के चलते 2 साल तक बाधित रही यात्रा को बगैर प्रतिबंधों के खोले जाने से भीड़ बढ़ गई है।

प्रातिक्रिया दे