—
—11.30 घंटे ड्यूटी के बाद भी दी सजा
रायगढ़। 11.30 घंटे ड्यूटी करने के बाद रायगढ़ से बिलासपुर ले जा रहे मालगाड़ी को नैला स्टेशन में रोकने वाले लोको पायलट व सहायक लोको पायलट को रेलवे प्रशासन ने निलंबित कर दिया है। दो पायलट के निलंबन के बाद समस्त लोको पायलट ने तय सीमा से अधिक समय तक ड्यूटी करने के बावजूद उक्त दोनों पायलट को निलंबित किए जाने का विरोध करते हुए लॉबी में प्रदर्शन किया और निलंबन रद्द करने की मांग की।
सूत्रों के अनुसार लोको पायलट रामेश्वर सिंह और सहायक लोको पायलट एसी प्रकाश एक मालगाड़ी को रायगढ़ से लेकर बिलासपुर जाने निकले। वे करीब 11.30 घंटे की ड्यूटी करते हुए नैला पहुंचे। ऐसे में उन्होंने इस बात को उच्चाधिकारियों को बताया, तब उच्चाधिकारियों ने मालगाड़ी को बिलासपुर लाने को कहा। चूंकि तय सीमा से अधिक ड्यूटी करने के बाद कर्मचारियों ने इससे इनकार किया। कर्मचारियों के इनकार करने और मालगाड़ी को बिलासपुर स्टेशन नहीं पहुंचाने के लिए उन्हें निलंबित कर दिया गया। जानकारी के अनुसार लोको पायलट को करीब 7 घंटे ड्यूटी करने के बाद मैमो जारी किया जाता है, जिसके बाद उनके रिलीवर मालगाड़ी को आगे लेकर जाते हैं, यहां कई बार परिस्थितियों के अनुसार 7 घंटे बीतने के बाद मैमो मिलने के पश्चात् भी अतिरिक्त 2 घंटे तक ड्यूटी कर सकते हैं, किन्तु इस बार 7 घंटे ड्यूटी करने के बाद भी मैमो जारी नहीं किया गया। ऐसे में भी कर्मचारियों ने करीब 11.30 घंटे तक ड्यूटी की। वहीं दूसरी ओर जब उक्त कर्मचारियों को निलंबित करने की सूचना अन्य कर्मचारियों को मिली, तब सभी कर्मचारी लॉबी में एकत्र हुए और इस निलंबन आदेश के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे।
—
कर्मचारियों ने निलंबन की निंदा की
कर्मचारियों ने इस दौरान बताया कि लांग ऑवर ड्यूटी करने के बाद निलंबित करने को निंदनीय बताया। वहीं इसमें प्रबंधन को गलत बताया क्योंकि 7 घंटे ड्यूटी करने के बाद भी मैमो जारी नहीं किया गया। इसके बाद भी कर्मचारियों ने करीब साढ़े 4 घंटे अतिरिक्त ड्यूटी की। फिलहाल प्रदर्शनकारी कर्मचारियों द्वारा इस निलंबन को रद्द करने की मांग कर रहे हैं।
—
शाम तक चलता रहा प्रदर्शन
समाचार लिखे जाने तक यह प्रदर्शन क्रू लॉबी में चलता रहा। सुबह करीब 11 बजे से शुरू हुआ यह प्रदर्शन 7 घंटे से चल रहा है। कर्मचारियों द्वारा निलंबन आदेश को वापस लिए जाने की मांग की जा रही है। कर्मचारियों की मांग है कि जब वह निलंबन आदेश को वापस नहीं लेते तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा।
000000000

