नई दिल्ली
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की रांची जेल से रिहाई हो गई है। झारखंड हाईकोर्ट ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जमानत दे दी। बता दें, प्रवर्तन निदेशालय ने हेमंत सोरेन से लंबी पूछताछ के बाद 31 जनवरी को उन्हें गिरफ्तार किया था। रांची के बिरसा मुंडा जेल में लगभग 5 महीने बिताने के बाद पूर्व सीएम जेल से रिहा हो गए हैं। कोर्ट ने सोरेन को 50 हजार रुपये के 2 मुचलके पर जमानत दी है।
गौरतलब है कि झामुमो नेता हेमंत सोरेन ने ईडी की हिरासत में आने के बाद राज्यपाल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा सौंपा दिया था। इसके बाद सोरेन ने अपने करीबी चंपई सोरेन को मुख्यमंत्री पद का जिम्मा सौंपा था। सोरेने के जेल जाने के बाद उनकी पत्नी कल्पना सोरेन पार्टी का कामकाज संभाल रही हैं। ऐसे में झारखंड विधानसभा चुनाव होने से पहले हेमंत सोरेन को जमानत मिलना पार्टी के लिए किसी जीत से कम नहीं है।
जमीन घोटाला मामले में हुए थे गिरफ्तार
कोर्ट से बड़गाईं में 8.5 एकड़ जमीन घोटाला मामले में घिरे हेमंत सोरेन की जमानत के लिए उनके वकील लगातार अर्जियां दाखिल कर रहे थे। हेमंत सोरेन ने पीएमएलएल कोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक का दरवाजा खटखटाया था। लेकिन, इसके बावजूद उनकी जमानत याचिका को खारिज किया जा रहा था। ऐसे में आज यानी शुक्रवार को हाई कोर्ट से सोरेन को बड़ी राहत मिली है।
000

