पत्थरबाजी और बवाल से तनावपूर्ण हालात, पांच पुलिस कर्मी घायल
जोधपुर। ईद से कुछ घंटे पहले राजस्थान के जोधपुर शहर में सोमवार देर रात झंडा लगाने और उसके बाद मंगलवार को नमाज के बाद राजौरी गेट इलाके में फिर पथराव हो गया। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। बढ़ते तनाव को देखते हुए प्रशासन ने इंटरनेट सेवा अस्थाई रूप से बंद कर दी, वहीं शहर में चार मई की रात 12 बजे तक कर्फ्यू लगा दिया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने लोगों से शांति की अपील की है। इस उपद्रव को लेकर भाजपा ने इसे सुनियोजित रूप से हिंसा भड़काने की साजिश बताया। इस हमले में पांच पुलिस कर्मी घायल हो गए तथा कई वाहन जला दिए गए कई क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना के संबंध में बताया गया कि सोमवार की रात को झंडा लगाने के विवाद पर दो गुटों में सांप्रदायिक तनाव पैदा हो गया। इस दौरान पथराव में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस बल की तैनाती से रात में हालात पर काबू पा लिया गया था लेकिन मंगलवार को ईद की नमाज के बाद पथराव होने से तनाव फिर बढ़ गया।
हिंसा दुर्भाग्यपूर्ण, शांति बनाए रखें : गहलोत
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जोधपुर में ईद के दिन हुई हिंसा को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा जोधपुर, मारवाड़ की प्रेम एवं भाईचारे की परंपरा का सम्मान करते हुए मैं सभी पक्षों से मार्मिक अपील करता हूं कि शांति बनाए रखें एवं कानून-व्यवस्था बनाने में सहयोग करें।
क्या है विवाद का कारण
इस विवाद की शुरुआत सोमवार आधी रात के बाद हुई जब अल्पसंख्यक समुदाय के कुछ सदस्यों ने ईद के मौके पर जालोरी गेट चौराहे में स्थापित स्वतंत्रता सेनानी बालमुकुंद बिस्सा की प्रतिमा पर परशुराम जयंती के लिए लगा केसरिया झंडा हटाकर अपना हरा झंडा लगाया जिसका हिंदू समुदाय के लोगों ने विरोध किया। इसको लेकर दोनों समुदाय के लोग आमने सामने आ गए और झड़प व पथराव हो गया। यही तनाव दूसरे दिन हिंसा में बदल गया।
मंत्रियों-अधिकारियों को भेजा जोधपुर
राजस्थान के जोधपुर में हिंसा के बाद सीएम अशोक गहलोत ने कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर उच्च स्तरीय बैठक की। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गृह राज्यमंत्री राजेंद्र यादव और जोधपुर प्रभारी मंत्री डॉ. सुभाष गर्ग, एसीएस होम अभय कुमार, एडीजी लॉ एन्ड आर्डर हवा सिंह घुमरिया को स्थिति के मद्धेनजर हेलीकॉप्टर से तत्काल जोधपुर जाने के निर्देश दिए हैं।
शेखावत ने पुलिस को दी प्रदर्शन की चेतावनी
जोधपुर से सांसद गजेंद्र सिंह शेखावत ने ईद के मौके पर हुई हिंसा को लेकर कहा कि, सुबह की नमाज के दौरान ऐसा क्या हुआ जो कारों को तोड़ा गया, घरों पर पत्थरबाजी की गई और महिलाओं के साथ बदसलूकी हुई। सांसद ने कहा कि, हम प्रशासन को चेतावनी देते हैं कि अगर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो जोधपुर में बड़ा प्रदर्शन करेंगे।
गहलोत वोट बैंक की राजनीति कर रहे : मेघवाल
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने राजस्थान में हुई हिंसा को लेकर कहा कि, प्रदेशवासियों को गुमराह करके सत्ता में आई गहलोत सरकार का वोट बैंक राजनीति के चलते तुष्टिकरण की नीति को अपनाना मूल सिद्धांत बन गया है। जनता इस भ्रष्ट व नकारा सरकार को उखाड़ फेंकेगी।
सनकी साजिश के तहत ये सब हो रहा : नकवी
बीजेपी नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि एक सनकी साजिश के तहत जोधपुर में ये सब हो रहा है। नकवी ने कहा राजस्थान सरकार के लिए धर्मनिरपेक्षता बस एक वोट बैंक का जरिया रह गया है। राजस्थान सरकार अपनी साजिश में ही फंस कर रह गई है।
—
अनंतनाग में नमाज के बाद सुरक्षा बलों पर पत्थरबाजी
श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर में ईद के मौके पर पत्थरबाजी की घटना सामने आई है। जिला अनंतनाग में सुबह की नमाज के बाद एक मस्जिद के बाहर पत्थरबाजी हुई है। बताया जा रहा है कि लोगों ने सुरक्षाबलों पर पत्थर फेंके। मस्जिद पर नमाज पढ़ने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। ईद को लेकर मस्जिदों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए थे।

