-बीजेपी की दिग्गज लीडर मेनका गांधी के अलावा जगदंबिका पाल, दिनेश यादव निरहुआ की दांव पर लगी है प्रतिष्ठा
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 के छठे चरण में 8 राज्यों/केन्द्र-शासित प्रदेशों के 889 उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे। इनमें जम्मू एवं कश्मीर के 3-अनंतनाग-राजौरी संसदीय क्षेत्र में स्थगित हुए चुनाव के लिए लड़ने वाले 20 उम्मीदवार भी शामिल हैं। इस चरण में 7 राज्यों/केन्द्र-शासित प्रदेशों की 57 संसदीय क्षेत्रों के लिए होने वाले मतदान हेतु कुल 1978 नामांकन-पत्र दाखिल किए गए। सभी 07 राज्यों/केन्द्र-शासित प्रदेशों (जम्मू-कश्मीर के संसदीय क्षेत्र 3- अनंतनाग-राजौरी में स्थगित हुए मतदान को छोड़कर) के लिए छठे चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 06 मई, 2024 थी।
900 नामांकन पत्र मिले वैध
कुल 1978 नामांकन-पत्र दाखिल किए गए थे। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि छह मई थी। जांच के बाद 900 नामांकन पत्र वैध मिले। वहीं अनंतनाग-राजौरी संसदीय क्षेत्र में तीसरे चरण में कुल 28 नामांकन दाखिल किए गए थे। इनमें 21 वैध मिले थे।
यहां किए गए सर्वाधिक नामांकन
छठे चरण में, उत्तर प्रदेश के 14 संसदीय क्षेत्रों में अधिकतम 470 नामांकन-पत्र दाखिल किए गए। इसके बाद, हरियाणा के 10 संसदीय क्षेत्रों में 370 नामांकन-पत्र दाखिल किए गए। झारखंड के 8-रांची संसदीय क्षेत्र में सबसे अधिक 70 नामांकन-पत्र दाखिल किए गए। इसके बाद, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के 2-उत्तर पूर्वी दिल्ली संसदीय क्षेत्र में 69 नामांकन-पत्र दाखिल हुए। छठे चरण के लिए एक संसदीय क्षेत्र में चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की औसत संख्या 15 है।
कहां-कितनी सीटों पर वोटिंग?
बिहार की आठ, हरियाणा की 10, दिल्ली की सात, जम्मू-कश्मीर की एक, झारखंड की चार, ओडिशा की छह, उत्तर प्रदेश की 14 और पश्चिम बंगाल की आठ लोकसभा सीटों पर इस चरण में मतदान है।
कहां-कितने प्रत्याशी?
बिहार में 86, हरियाणा में 223, जम्मू-कश्मीर में 20, झारखंड में 93, दिल्ली में 162, ओडिशा में 64, उत्तर प्रदेश में 162 और पश्चिम बंगाल 79 प्रत्याशी मैदान में हैं। इस फेज में उत्तर प्रदेश में 14 सीटों पर वोटिंग होगी। इस चरण में 162 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में बंद होगी। इस चरण में सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, इलाहाबाद, फूलपुर, अंबेडकरनगर, श्रावस्ती, डुमरियागंज, बस्ती, संतकबीरनगर, लालगंज, जौनपुर, मछलीशहर, भदोही और आजमगढ़ में वोटिंग होगी। छठे फेज में बीजेपी की दिग्गज लीडर मेनका गांधी के अलावा जगदंबिका पाल और दिनेश लाल यादव निरहुआ, कृपाशंकर सिंह की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है।
देश में 97 करोड़ वोटर्स : चुनाव आयोग
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने इससे पहले बताया था कि देश में साल 2024 के लिए होने वाले चुनाव में 96.8 करोड़ वोटर्स हैं, जिसमें पुरुष वोटर्स की संख्या 49.7 करोड़ वोटर्स हैं जबकि महिला वोटर्स की संख्या 47.1 करोड़ से अधिक हैं। देश में चुनाव के लिए 10.5 लाख पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं, जिसमें 1.5 करोड़ कर्मचारियों को लगाया जाएगा। चुनाव संपन्न कराने के लिए 55 लाख ईवीएम मशीनें लगाई जाएंगी।
000

