साय बोले-10 साल तो मोदी का ट्रेलर था, अब शुरू होगी असली पिक्चर

छत्तीसगढ़ में शराब के पैसे से पांच साल चली कांग्रेस पार्टी : विष्णु देव

जशपुर में गरजे सीएम, कहा- प्रदेश में कांग्रेस को एक भी सीट नहीं जीतने देंगे

जशपुर। जिले के पंडरापाठ (चुन्दापाठ) में आयोजित विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह चुनाव देश की तकदीर बदलेगा। नरेंद्र मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का यह चुनाव है। मोदी जी गरीब के बेटे हैं। गरीब का दर्द गरीब ही समझ सकता है। वह 140 करोड़ भारतीयों की चिंता करते हैं। एक तरफ पिकनिक मनाने वाले कांग्रेस के युवराज हैं, दूसरी ओर पीएम मोदी हैं, जो 24 घंटे में 18 घंटा वह काम करते हैं। पिछले दस साल से देश में गरीबों को घर, गैस सिलेंडर, हर घर साफ पानी, शौचालय और जनधन खाता खोलने का काम किया गया है। पांच साल तक प्रदेश में राज करने वाली कांग्रेस पार्टी ने केंद्र की योजनाओं को रोकने का काम किया, सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार किया। मोदी जी के कार्यकाल में दो विधान दो निशान वाले अनुच्छेद 370 को समाप्त किया गया है। उन्होंने कहा कि 7 मई को तीसरे चरण के चुनाव में रायगढ़ से भाजपा प्रत्याशी राधेश्याम राठिया को अधिक मतों से विजयी बनाकर दिल्ली भेजना है। श्री साय ने कहा कि मोदी जी भी कह चुके हैं कि दस साल तो ट्रेलर था, पिक्चर तो अभी बाकी है। इसलिए आप भाजपा को वोट देकर मोदी जी को मजबूत बनाएं, जिससे वह देश को आगे लेकर जा सकें। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपमानित करना कांग्रेस की कार्यशैली है। उपस्थित विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए श्री साय ने कहा कि सरगुजा की सभी 14 सीट पर जिस तरह विधानसभा चुनाव में भाजपा को जिताना है वैसे ही लोकसभा में कांग्रेस को सबक सिखाना है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिलासपुर संभाग क्लस्टर के सह प्रभारी कृष्ण कुमार राय ने कहा कि प्रदेश में अबकी बार 400 पार विकसित भारत का एक उद्घोष बन गया है। विधायक रायमुनी भगत ने कहा कि मातृशक्ति ने तीसरी बार पीएम मोदी के हाथ देश की बागडोर सौंपने का मन बना लिया है। पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने भी चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा इस प्रचंड गर्मी में आपकी विशाल उपस्थिति चुनाव परिणाम का संकेत दे रही है। कार्यक्रम को पूर्व नपा उपाध्यक्ष प्रियंवदा सिंह जूदेव एवं जिला पंचायत अध्यक्ष शांति भगत ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता, जिला महामंत्री द्वय भरत सिंह, मुकेश शर्मा, विधानसभा प्रभारी रमन अग्रवाल, विधानसभा संयोजक ओमप्रकाश सिन्हा सहित भाजपा पदाधिकारी एवं हजारों की संख्या के लोग उपस्थित थे।

छग का एक-एक वोट विकास को समर्पित

पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव ने कहा, आप सभी का एक-एक वोट देश, छत्तीसगढ़ और रायगढ़ के विकास को समर्पित होगा। इस अवसर पर अपने संबोधन में प्रदेश मंत्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने कहा, इस चुनाव परिणाम के बाद कांग्रेस एक बार फिर हार के लिए बहाना खोज ले। कांग्रेस पार्टी की झूठ की दुकान अब नहीं चलेगी।

000000

प्रातिक्रिया दे