मोदी बोले-भ्रष्‍टाचारी चाहे कितना ही बड़ा क्यों न हो, होगा एक्‍शन

प्रधानमंत्री ने चुनाव अभियान की शुरुआत की

मेरठ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को जाट बहुल पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मेरठ की रैली से लोकसभा चुनाव अभियान की शुरुआत करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को नमन किया। उन्होंने कहा कि 2024 का जनादेश भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनायेगा। इस बीच उन्होंने विपक्षी दलों के समूह ‘इंडिया’ गठबंधन पर भ्रष्टाचार और भ्रष्‍टाचारियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि भ्रष्‍टाचारी चाहे कितना ही बड़ा क्यों न हो, एक्‍शन होगा, जरूर होगा। जिसने देश को लूटा है, उसे लौटाना ही पड़ेगा, ये मोदी की गारंटी है। यहां केंद्रीय आलू अनुसंधान संस्थान के मैदान में राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों, राष्ट्रीय लोकदल (रालोद), अपना दल (एस), निर्बल शोषित इंडियन हमारा आम दल (निषाद) और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्षों के साथ मंच साझा करते हुए मोदी ने राज्‍य में लोकसभा चुनाव अभियान की शुरुआत की और सबको राम-राम (पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अभिवादन का तरीका) किया। मोदी ने भरोसे के साथ कहा कि हमारी सरकार भी तीसरे कार्यकाल की तैयारी में अभी से जुट गयी है। हम आने वाले पांच साल का रोड मैप बना रहे हैं। नई सरकार बनने के बाद पहले सौ दिनों में हमे कौन- कौन से बड़े फैसले लेने हैं, इस पर तेजी से काम चल रहा है। भ्रष्टाचार के जिक्र के साथ विपक्षी दलों पर प्रहार करते हुए मोदी ने कहा, साथियों बीते 10 वर्षों में देश ने देखा है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कितनी बड़ी लड़ाई शुरू की है। मैं भ्रष्टाचार पर कार्रवाई कर रहा हूं, इससे कुछ लोग बौखला गये हैं। वे अपना आपा खो बैठे हैं।

चेतावनी भरे लहजे में उन्होंने जोर देकर कहा मैं आज मेरठ की क्रांतिकारियों, वीरों की धरती से भ्रष्टाचारियों को साफ साफ कह रहा हूं भ्रष्‍टाचारी कान खोलकर सुन लें! ये मोदी पर चाहे कितने भी हमले करें, ये मोदी है, रुकने वाला नहीं है। उन्होंने यह भी दावा किया भ्रष्‍टाचारी चाहे कितना ही बड़ा क्यों न हो, एक्‍शन होगा, जरूर होगा। जिसने देश को लूटा है, उसे लौटाना ही पड़ेगा, ये मोदी की गारंटी है। मोदी ने अपनी पुरानी शैली में जनता से कई बार यह सवाल पूछा कि ”क्या भ्रष्टाचारियों को बचाना है? क्या भ्रष्‍टाचार जाना चाहिए कि नहीं जाना चाहिए? भ्रष्‍टाचार हटना चाहिए कि नहीं हटना चाहिए? भ्रष्टाचार खत्म होना चाहिए कि नहीं होना चाहिए?

मोदी का मंत्र है-भ्रष्टाचार हटाओ

पीएम मोदी ने कहा, प्यारे देशवासियों! मैं कहता हूं, मोदी की गारंटी कहती है, मोदी का मंत्र है-भ्रष्टाचार हटाओ और वे कहते हैं कि भ्रष्‍टाचारी बचाओ। प्रधानमंत्री ने कहा, यह चुनाव इन दो खेमों की लड़ाई है। एक खेमा एनडीए (राजग) का जो भ्रष्‍टाचार हटाने के लिए मैदान में है और दूसरा वो खेमा जो भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए मैदान में है, फैसला आपको करना है।

तीसरी बार मोदी सरकार

पीएम मोदी ने कहा, आज पूरा देश कह रहा है, तीसरी बार मोदी सरकार. चार जून 400 पार। मैंने लाल किले से कहा था यही समय है, सही समय है। भारत का समय आ गया है, भारत चल पड़ा है, आज भारत में तेजी से आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर बन रहा है। आज भारत इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण पर अभूतपूर्व निवेश कर रहा है. आज हर सेक्टर में नौजवानों के लिए अनगिनत नए अवसर बन रहे हैं, आज देश की नारी शक्ति नए संकल्पों के साथ आगे आ रही है। आज भारत के साख दुनियाभर में नई ऊंचाई पर है। इतना ही नहीं, पूरी दुनिया भारत को भरोसे से देख रही है।

कांग्रेस ने श्रीलंका को दे दिया कच्चातिवु

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मीडिया में आयी एक खबर के हवाले से रविवार को कहा कि नए तथ्यों से पता चलता है कि कांग्रेस ने कच्चातिवु द्वीप ‘संवेदनाहीन’ ढंग से श्रीलंका को दे दिया था। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक खबर साझा करते हुए कहा, आंखें खोलने वाली और चौंका देने वाली खबर। नए तथ्यों से पता चलता है कि कांग्रेस ने कैसे संवेदनाहीन ढंग से कच्चातिवु दे दिया था। इससे प्रत्येक भारतीय नाराज है और लोगों के दिमाग में यह बात बैठ गयी है कि हम कभी कांग्रेस पर भरोसा नहीं कर सकते। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, भारत की एकता, अखंडता और हितों को कमजोर करना कांग्रेस का 75 वर्ष से काम करने का तरीका रहा है।

00000000

प्रातिक्रिया दे