सांसद रिंकू और विधायक शीतल भाजपा में शामिल

-पंजाब में भाजपा ने दिया आप को डबल झटका

जालंधर। भाजपा ने पंजाब में आम आदमी पार्टी को करारा झटका दिया है। आम आदमी पार्टी के जालंधर के सांसद सुशील कुमार रिंकू भाजपा में शामिल हो गए हैं। उनके अलावा एक विधायक शीतल अंगुराल भी भाजपा में आ गए हैं। इन दोनों नेताओं ने दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ली। दोनों को भाजपा महासचिव विनोद तावड़े और पंजाब के पार्टी अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी मौजूद थे। पुरी ने कहा, ‘भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। हर क्षेत्र से जुड़े लोग भाजपा जॉइन कर रहे हैं और परिवार का हिस्सा बन रहे हैं। सुशील कुमार रिंकू और शीतल अंगुराल का मैं स्वागत करता हूं।’उन्होंने कहा कि पंजाब में स्थितियां अब बदल रही हैं। हम सभी मिलकर भारत को 2047 तक विकसित देश बनाने के लिए काम करेंगे। सुशील कुमार रिंक और शीतल से पहले मंगलवार को ही लुधियाना से कांग्रेस के सांसद रवनीत सिंह बिट्टू भाजपा में आ गए थे। उनके दादा बेअंत सिंह पंजाब के सीएम रहे थे और उनकी कट्टरपंथियों ने हत्या कर दी थी। रवनीत सिंह बिट्टू का भी अपना जनाधार रहा है और वह खालिस्तान के खिलाफ मुखर चेहरों में से एक रहे हैं। उनका पार्टी में आना भाजपा के लिए बड़ी ताकत के तौर पर देखा जा रहा है।

रवनीत बिट्टू और सुशील कुमार रिंकू को मिलेगा भाजपा टिकट!

यही नहीं भाजपा में अंदरखाने चर्चा है कि रवनीत सिंह बिट्टू को लुधियाना से टिकट मिल सकता है। इसके अलावा सुशील कुमार रिंकू भी अब भाजपा के टिकट पर उतर सकते हैं। पंजाब में भाजपा इस बार अकेले ही लोकसभा चुनाव में उतर रही है, उसका अकाली दल के साथ गठबंधन नहीं हो सका है। अब पंजाब में चतुष्कोणीय मुकाबले की स्थिति होगी। इसकी वजह यह है कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस में भी पंजाब में गठजोड़ नहीं हो सका है, जबकि दोनों दल INDIA अलायंस का हिस्सा हैं।

0000

प्रातिक्रिया दे