मुंबई। लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष मनोहर जोशी का मुंबई के पी डी हिंदुजा अस्पताल में निधन हो गया। अस्पताल ने बताया कि महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री जोशी (86) को दिल का दौरा पड़ने के बाद 21 फरवरी को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था जहां उन्होंने शुक्रवार तड़के अंतिम सांस ली। मुंबई में ही जोशी का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया। जोशी के निधन पर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू, पीएम नरेंद्र मोदी, अमित शाह, नितिन गडकरी सहित सभी नेताओं ने श्रृद्धांजलि व्यक्त की है।
जोशी सर के नाम से लोकप्रिय मनोहर जोशी अविभाजित शिवसेना से राज्य के मुख्यमंत्री बनने वाले पहले नेता थे और उन्होंने 1995 से 1999 तक इस पद पर सेवाएं दीं। जोशी संसद के सदस्य भी चुने गए थे और वह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में 2002 से 2004 तक लोकसभा अध्यक्ष रहे।
जोशी ने अपना करियर एक शिक्षक के रूप में शुरू किया था। वर्ष 1967 में उन्होंने राजनीति की ओर रुख किया। जोशी ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में शामिल होने के साथ हुई और बाद में वह शिवसेना के सदस्य बन गए। जोशी 1980 के दशक में शिवसेना के एक प्रमुख नेता के रूप में उभरे। वह अपने संगठनात्मक कौशल के लिए जाने जाते थे। पूर्व केंद्रीय मंत्री जोशी का विवाह अनघा जोशी से हुआ था जिनका 2020 में 75 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। जोशी के परिवार में एक बेटा और दो बेटियां हैं।
0000

