–भाजपा के दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन में मुहर
— पीएम मोदी बोले-विकसित राष्ट्र बनने के लिए भाजपा की मजबूत वापसी जरूरी
—प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत के लिए 100 दिनों का मंत्र
—
इंट्रो
दिल्ली के प्रगति मैदान के भारत मंडपम में भाजपा के दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन में पार्टी ने बड़ा फैसला लिया है। भाजपा के दिग्गज नेता जेपी नड्डा को जून 2024 तक राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव लाया गया, जिसको मंजूरी भी मिल गई। इसके साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर प्रस्ताव पास हुआ है। इसके मुताबिक पद खाली होने पर पार्लियामेंट्री बोर्ड अध्यक्ष की नियुक्ति कर सकेगा। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं में नया जोश भरा और विकसित राष्ट्र बनाने के लिए भाजपा की जीत को जरूरी बताया।
—
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं से अगले 100 दिनों तक नए जोश और आत्मविश्वास के साथ काम करने तथा नए मतदाताओं तक पहुंचने एवं उनका विश्वास जीतने का आह्वान किया ताकि लोकसभा चुनावों में मजबूत जनादेश के साथ पार्टी तीसरी बार भी सत्ता में आए। मोदी ने यहां भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन के समापन सत्र को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि देश को अब बड़े सपने देखने होंगे और 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने के लिए बड़े संकल्प लेने होंगे। उन्होंने कहा, इसमें अगले पांच वर्षों की बहुत बड़ी भूमिका होने जा रही है। अगले पांच सालों में भारत को पहले से भी कई गुना तेजी से काम करना है। अगले पांच सालों में हमें विकसित भारत की तरफ एक लंबी छलांग लगानी है। इन सारे लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए पहली शर्त है सरकार में भाजपा की जोरदार वापसी। भाजपा के दो-दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन में देश भर से पार्टी के लगभग 10,000 सदस्यों ने भाग लिया।
भारत मंडपम में अपने 65 मिनट के भाषण में मोदी ने विपक्ष, खासकर कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि उनमें वैचारिक या सिद्धांतों के आधार पर भाजपा का सामना करने का साहस नहीं है। उन्होंने कहा, वह (कांग्रेस) इतनी हताश है कि उसमें सैद्धांतिक या वैचारिक विरोध का साहस भी नहीं बचा है। इसलिए गाली-गलौज और मोदी पर झूठे आरोप ही उनका एकमात्र एजेंडा बन गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा को सिर्फ सरकार बनाने के लिए लोगों को नहीं जोड़ना है, बल्कि देश बनाने के लिए लोगों को जोड़ना है।मोदी ने कहा कि हर भारतीय के जीवन को बदलने और बहुत कुछ हासिल करने के लिए बहुत से निर्णय अभी बाकी हैं। उन्होंने कहा, पिछले 10 वर्षों में भारत ने जो गति हासिल की है और बड़े लक्ष्य प्राप्त करने का जो हौसला पाया है, वह अभूतपूर्व है। इसलिए नहीं कि मैं कह रहा हूं। आज दुनिया गाजे-बाजे के साथ बोल रही है।” उन्होंने कहा कि भारत ने आज हर क्षेत्र में जो ऊंचाई हासिल की है, उसने हर देशवासी को एक बड़े संकल्प के साथ जोड़ दिया है और यह संकल्प है ‘विकसित भारत’ का। उन्होंने कहा, अब देश छोटे सपने नहीं देख सकता है और ना ही देश अब छोटे संकल्प ले सकता है। सपने भी विराट होंगे और संकल्प भी विराट होंगे। हमारा सपना भी है और हम सब का संकल्प भी है कि हमें भारत को विकसित बनाना है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज विपक्ष के नेता भी ‘अगली बार मोदी सरकार’ बोल रहे हैं और ‘अगली बार राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) सरकार, 400 पार’ के नारे लगा रहे हैं। उन्होंने कहा, राजग को 400 पार करने के लिए भाजपा को 370 के मील का पत्थर पार करना ही होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज पूरा देश मानता है 10 साल का उनका कार्यकाल आरोपमुक्त रहा है। उन्होंने कहा, पच्चीस करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालना कोई सामान्य उपलब्धि नहीं है। उन्होंने कहा, चुनाव होने बाकी हैं, लेकिन मेरे पास पहले से ही जुलाई, अगस्त और सितंबर के लिए विभिन्न देशों से निमंत्रण हैं। इसका मतलब है कि दुनिया भर के कई देश भी भाजपा सरकार की वापसी को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं। प्रधानमंत्री जब यह उल्लेख कर रहे थे तब कार्यकर्ता ‘आएगा तो मोदी ही’ के नारे लगाने लगे। उन्होंने कहा कि करोड़ों महिलाओं, गरीबों और युवाओं के सपने पूरे करना उनका मिशन है। उन्होंने कहा, ”हमने देश को बड़े घोटालों और आतंकवादी हमलों से छुटकारा दिलाया और गरीबों तथा मध्यम वर्ग के जीवन स्तर को सुधारने के प्रयास किए। छत्रपति शिवाजी महाराज को अपनी प्रेरणा बताते हुए मोदी ने कहा कि वह अपने सुख और वैभव के लिए जीने वाले व्यक्ति नहीं हैं।
उन्होंने कहा, मैं भाजपा सरकार का तीसरा कार्यकाल सत्ता भोगने के लिए नहीं मांग रहा हूं। मैं राष्ट्र का संकल्प लेकर निकला हुआ व्यक्ति हूं। अगर मैं अपने घर की चिंता करता तो आज करोड़ों गरीबों के घर नहीं बन पाते। मैं देश के करोड़ों बच्चों के भविष्य के लिए जीता हूं। उन्होंने कहा, दस वर्षों में हमने जो हासिल किया वह एक पड़ाव मात्र है। मंजिल तक पहुंचाने का एक नया विश्वास है। हमें अभी देश और कोटि-कोटि भारतीयों के लिए और हर भारतीय के जीवन को बदलने के लिए बहुत कुछ हासिल करना है। इसके लिए बहुत से निर्णय अभी बाकी हैं।
—
कार्यकर्ताओं में भरा जोश
प्रधानमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं को आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अगले सौ दिन नयी ऊर्जा, नयी उमंग, नये उत्साह, नये विश्वास और नये जोश के साथ काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, आज 18 फरवरी है और इस कालखंड में जो युवा 18 वर्ष के पड़ाव पर पहुंचे हैं वह देश की 18वीं लोकसभा का चुनाव करने वाले हैं। अगले 100 दिन हम सबको जुट जाना है। हर नये मतदाता तक पहुंचना है और हर लाभार्थी तक पहुंचना है। हर घर, समाज, पंथ और सब लोगों के पास पहुंचना है और हमें सबका विश्वास हासिल करना है।
कांग्रेस से देश को बचाना हर कार्यकर्ता का दायित्व
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस से देश को बचाना भाजपा के हर कार्यकर्ता का दायित्व है, क्योंकि उसका इतिहास सभी के सामने है। उन्होंने कहा, कांग्रेस अस्थिरता, परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की भी जननी है। सत्तर के दशक में जब देश में कांग्रेस के विरुद्ध गुस्सा बढ़ना शुरू हुआ तो उसने अस्थिरता का सहारा लिया। हर दल व नेता की सरकार को उसने अस्थिर किया। आज भी ये लोग अस्थिरता पैदा करने के लिए नई-नई साजिशें रच रहे हैं। विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि इस गठबंधन की भी यही पहचान है।
—
भाजपा ने रखा 400 पार का लक्ष्य
पार्टी लोकसभा चुनाव भाजपा अध्यक्ष के नेतृत्व में लड़ेगी। इसके साथ ही इस बार लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 400 पार का लक्ष्य रखा है। भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन में जेपी नड्डा ने कहा कि हमें इस बात की खुशी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछला दशक जो गुजरा, वो उपलब्धियों से भरा हुआ है। आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन गई है।
–
राम मंदिर पर प्रस्ताव—
अगले 1000 वर्षों के लिए राम राज्य
राष्ट्रीय अधिवेशन में रविवार को अयोध्या में राम मंदिर पर एक प्रस्ताव पारित किया गया। इसमें कहा गया कि यह अगले 1,000 वर्षों के लिए भारत में ‘राम राज्य’ की स्थापना का संकेत है। प्रस्ताव में कहा गया है कि पिछले महीने भव्य राम मंदिर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा हुई जो आज ‘राष्ट्रीय चेतना’ का मंदिर बन गया है। यह ‘विकसित भारत’ के निर्माण के संकल्पों को पूरा करने में निर्णायक भूमिका निभाएगा। प्रस्ताव में कहा गया है, अयोध्या की प्राचीन पवित्र नगरी में श्रीराम की जन्मभूमि पर भव्य और दिव्य मंदिर का निर्माण देश के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवशाली उपलब्धि है। यह एक नए कालचक्र की शुरुआत के साथ अगले 1,000 वर्षों के लिए भारत में ‘राम राज्य’ की स्थापना का द्योतक है।
–
शाह ने लोकसभा चुनाव की तुलना महाभारत से की
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नेआगामी लोकसभा चुनाव की तुलना महाभारत के युद्ध से की। उन्होंने कहा कि जहां एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की अगुवाई वाला राजग देश के विकास के लिए काम कर रहा है। वहीं, दूसरी तरफ कांग्रेस नीत ‘इंडिया गठबंधन’ परिवारवादी पार्टियों और भ्रष्टाचारियों से भरा पड़ा है। भाजपा के दो दिवसीय अधिवेशन के आखिरी दिन ‘भाजपा: देश की आशा, विपक्ष की हताशा’ प्रस्ताव पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, जैसे महाभारत के युद्ध में दो खेमे थे। कौरव और पांडव थे, वैसे ही आज चुनाव से पहले दो खेमे हैं।” उन्होंने कहा कि इनमें से एक खेमा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा नीत राजग है और दूसरा कांग्रेस के नेतृत्व वाला ‘इंडिया’ गठबंधन है।
000000

