- केंद्रीय गृह मंत्रालय की रिपोर्ट
नई दिल्ली। देश में साइबर अपराधों के खिलाफ दर्ज हाने वाली शिकायतों में पिछले एक वर्ष में 60 फीसदी की वृद्धि हुई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन साइबर विंग के तहत संचालित भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई4सी) की रिपोर्ट के मुताबिक, देश में 2021 से 2022 के दौरान साइबर अपराध की शिकायतों में 113.7 फीसदी और 2022 से 2023 के दौरान 60.9 फीसदी की वृद्धि हुई है। इसके अलावा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज की जाने वाली शिकायतों की संख्या में खासी वृद्धि हुई है। 2023 में पोर्टल पर साइबर अपराधों के खिलाफ 15,56,176 शिकायतें दर्ज हुईं। जबकि, 2022 में 9,66,790, 2021 में 4,52,414, 2020 में 2,57,777 और 2019 में 26,049 शिकायतें दर्ज की गई थीं। विशेषज्ञों के मुताबिक बढ़ती शिकायतें चिंता की नहीं, बल्कि राहत की बात हैं। इससे यह पता चलता है कि लोगों में साइबर अपराधों के खिलाफ जागरूकता बढ़ रही है और वे सही मंच पर शिकायत दर्ज करा रहे हैं।
70 फीसदी न्याय प्रणाली होगी ऑनलाइन
आने वाले दिनों में देश में साइबर अपराध से जु़ड़ी न्याय प्रणाली का 70 फीसदी हिस्सा ऑनलाइन हो जाएगा, जिसमें जेल और अदालतें शामिल हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि जनवरी 2020 में शुरू किए गए शिकायत पोर्टल पर 20 लाख से ज्यादा साइबर क्राइम की शिकायतें दर्ज की गई हैं, जिसके आधार पर 40,000 से अधिक एफआईआर दर्ज की गई हैं।
00000

