दो दिन के विश्राम के बाद सफर पर निकली राहुल की न्याय यात्रा
(फोटो : यात्रा)
-कोलकाता। कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ दो दिन के विश्राम के बाद रविवार को पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले से फिर शुरू हो गई। कांग्रेस नेता राहुल गांधी एक एसयूवी पर सवार होकर अधीर रंजन चौधरी के साथ जलपाईगुड़ी पहुंचे। उन्होंने यहां मौजूद लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। प्रदेश कांग्रेस के एक नेता ने बताया कि यात्रा रात में सिलीगुड़ी के पास रुकेगी। उन्होंने बताया कि यात्रा सोमवार को बिहार में प्रवेश करने से पहले उत्तर दिनाजपुर और इस्लामपुर जिले जाएगी। इससे पहले दिन में अधीर रंजन चौधरी ने सिलीगुड़ी में बागडोगरा हवाई अड्डे पर राहुल गांधी का स्वागत किया। यात्रा 31 जनवरी को मालदा होते हुए पश्चिम बंगाल में फिर प्रवेश करेगी और फिर मुर्शिदाबाद होते हुए एक फरवरी को राज्य से रवाना होगी।
कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पत्र लिखा है और उनसे राज्य में न्याय यात्रा की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। पत्र में उन्होंने कहा, मुझे बताया गया है कि कुछ शरारती तत्व फिर से यात्रा में परेशानी पैदा कर सकते हैं। मैं आपसे आग्रह करता हूं कि बंगाल में यात्रा को सुचारू रूप से निकालने और राहुल गांधी सहित सभी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उचित निर्देश जारी करें। इससे पहले पार्टी ने आरोप लगाया था कि जलपाईगुड़ी में राहुल गांधी की तस्वीर वाले कुछ बैनरों को तोड़ा गया है।
राहुल के चलते मोदी को नहीं आती नींद : खड़गे
देहरादून। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को देहरादून में कहा कि राहुल गांधी की वजह से आज-कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नींद नहीं आती है। उनके सपने में पहले नेहरू, राजीव गांधी और सोनिया गांधी आते थे। भाजपा के लोग उन्हें विष्णु का 11वां अवतार बनाने पर लगे हुए हैं। लोकसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे उत्तराखंड पहुंचे थे। देहरादून में उन्होंने कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश के लिए कुर्बानियां दी हैं। भाजपा देश को लूट रही है। खड़गे ने सभी में देरी से आने पर माफी मांगी। उन्होंने कहा- देरी से आने के लिए माफी मांगता हूं। आजकल हवाई यात्रा के लिए भी मोदी जी की परमिशन लेनी पड़ती है। लैंडिंग के लिए भी परमिशन लेनी पड़ती है। यह लोग (BJP) कांग्रेस नेताओं को सताते हैं। बीजेपी की सरकार में विपक्ष के नेताओं का उत्पीड़न किया जा रहा है।
कुछ लोग मोदी जी को विष्णु का 11वां अवतार बनाने निकले हैं
खड़गे ने कहा कि धर्म अलग होता है, राज करने की जगह अलग होती है। सुबह अपने गुरुजन का चेहरा नहीं देख पाते, लेकिन जब टीवी खोलते हैं तो मोदी जी का चेहरा देखने को मिलता है। भाजपा के लोग मोदी जी को विष्णु का 11वां अवतार बनाने निकले हैं। भाजपा सिर्फ झूठ बोलती हैं, झूठ का मायाजाल बुनती है।
000

