रूस का सैन्य विमान क्रैश, 74 युद्धबंदियों की मौत

—-दुर्घटना का कारण पता नहीं, तीन अन्य की भी मौत

मॉस्को। रूस का एक सैन्य परिवहन विमान बुधवार को यूक्रेन की सीमा के नजदीक बेलगोरोड इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में 74 यूक्रेनियाई युद्धबंदी सवार थे और सभी की मौत हो गई है। क्षेत्र के गवर्नर ने यह जानकारी दी। तत्काल यह स्पष्ट नहीं हो सका कि बेलगोरोड क्षेत्र में दुर्घटना का कारण क्या था। गवर्नर व्याचेस्लाव ग्लैदकोव ने यह नहीं बताया कि विमान में कितने लोग थे या वे कौन थे। एसोसिएटेड प्रेस इस बात की पुष्टि नहीं कर सका कि विमान में कौन सवार थे। यूक्रेन के अधिकारियों ने असत्यापित जानकारी साझा करने के प्रति आगाह किया। रूस की सरकारी समाचार एजेंसी ‘आरआईए नोवोस्ती’ ने रूस के रक्षा मंत्रालय के हवाले से बताया कि युद्धबंदियों को कैदियों की अदला-बदली के लिए सीमा क्षेत्र में ले जाया जा रहा था। सोशल मीडिया पर साझा की गई दुर्घटना की तस्वीरों में दिख रहा है कि बर्फ से ढके एक ग्रामीण इलाके में विमान गिरा और उसमें आग लग गई। सरकारी समाचार एजेंसी ‘तास’ ने एक स्थानीय आपातकालीन सेवा अधिकारी के हवाले से बताया कि अग्निशमन दल, एम्बुलेंस और पुलिस बेलगोरोड के कोरोचान्स्की जिले में दुर्घटनास्थल पर पहुंची। दो वरिष्ठ रूसी सांसदों ने बिना सबूत दिए आरोप लगाया कि यूक्रेन की सेना द्वारा दागी गई मिसाइलों की वजह से विमान नीचे गिरा। दुर्घटना से कुछ समय पहले बेलगोरोड के गवर्नर व्याचेस्लाव ग्लैदकोव ने अपने टेलीग्राम चैनल पर कहा था कि क्षेत्र में ‘मिसाइल अलर्ट’ लागू है और निवासियों को सुरक्षित आश्रय लेने की चेतावनी दी जाती है। युद्धबंदियों से निपटने वाले यूक्रेन के समन्वय मुख्यालय ने कहा कि वह दुर्घटना की जांच कर रहा है लेकिन उसने तुरंत कोई जानकारी नहीं दी। इसके बजाय, इसने ‘गैर प्रमाणित जानकारी’ साझा करने के प्रति आगाह किया। टेलीग्राम चैनल पर जारी बयान में कहा गया, हम इस बात पर जोर देते हैं कि दुश्मन सक्रिय रूप से यूक्रेन के खिलाफ दुष्प्रचार अभियान चला रहा है जिसका उद्देश्य यूक्रेनी समाज को अस्थिर करना है।

दुर्घटना के कारणों की जांच

रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि अधिकारी दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं। एक विशेष सैन्य आयोग दुर्घटनास्थल के लिए रवाना हुआ है। विमान में युद्धबंदियों के अलावा चालक दल के छह सदस्य और तीन अन्य सवार थे। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने बुधवार की सुबह संवाददाताओं से कहा कि वह दुर्घटना पर टिप्पणी नहीं कर सकते क्योंकि उनके पास इसके बारे में पर्याप्त जानकारी नहीं है।

यूक्रेन पर हमले के 700 दिन

यूक्रेन पर रूस के हमले शुरू होने के 700 दिन पूरे हो गए हैं। जेलेंस्की ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, मंगलवार तड़के 40 से अधिक बैलिस्टिक, क्रूज, विमान रोधी और निर्देशित मिसाइलों से तीन यूक्रेनी शहरों के 130 रिहायशी इमारतों पर हमला किया गया। रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव और दूसरे सबसे बड़े शहर खार्किव में हमले तेज कर दिए हैं और यह हमला पिछले कई हफ्तो में सबसे घातक था। इसकी वजह से जेलेंस्की को अपने पश्चिमी सहयोगियों से और अधिक सैन्य मदद की अपील करनी पड़ी है।

00000000000

चीन में भीषण हादसा, शॉपिंग माल में आग, 25 की मौत

बीजिंग। चीन के जियांग्शी प्रांत में बुधवार को आग लगने के कारण कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई। जियांग्शी प्रांत के युशुई जिले के अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को 15:24 बजे एक शॉपिंग मॉल के भूतल में आग लग गई। उन्होंने कहा कि 120 कर्मियों को घटनास्थल पर तैनात किया गया है। इनमें अग्निशमन विभाग के अलावा पुलिस और स्थानीय सरकारी अधिकारी भी शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि राहत एवं बचाव अभियान जारी है तथा आग लगने के कारण का पता लगाया जा रहा है।

पहले भी हो चुकी है आग लगने की घटनाएं

इससे पहले, पिछले दिनों भी चीन में आग की अलग अलग घटनाएं हुई थीं। इन घटनाओं में 21 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में कई स्कूली स्टूडेंट भी शामिल हैं। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि पहली घटना हेनान प्रांत के यानशानपु गांव की थी, जहां शुक्रवार रात को ही करीब 11 बजे यिंगकाई स्कूल में आग लगने की सूचना मिली। इस हादसे में अब तक 13 छात्रों की मौत हो गई।

0000

प्रातिक्रिया दे