-राजस्थान, हिमाचल, उत्तराखंड में कोल्ड वेव, छत्तीसगढ़ में भी दिखा असर
–कश्मीर घाटी में शीत लहर का प्रकोप बढ़ा
इंट्रो
उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन लगातार बनी हुई है। मौसम विभाग ने राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है। 16 राज्यों में धुंध ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। 100 से अधिक उड़ानों पर असर पड़ा हैं, वहीं करीब 24 ट्रेनों की रफ्तार घट गई है। छत्तीसगढ़ में भी कोहरे के कारण एक उड़ान रद्द करनी पड़ी।
—
नई दिल्ली/श्रीनगर। उत्तरभारत में तापमान में गिरावट जारी है। कई राज्यों में शीतलहर है। कोहरे के असर से दिल्ली, बिहार, हिमाचल प्रदेश में बुधवार को भी उड़ानों में देरी हुई। दिल्ली की करीब 24 ट्रेनें देरी से चल रही है। हाड़ कंपा देने वाली ठंड का सामना कर रहे जम्मू कश्मीर में बांदीपोरा सबसे ठंडा स्थान रहा और इस उत्तर कश्मीरी जिले में न्यूनतम तापमान शून्य से करीब आठ डिग्री सेल्सियस कम रहा। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बांदीपोरा में न्यूनतम तापमान शून्य से 7.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर के पुलवामा में न्यूनतम तापमान शून्य से 7.3 डिग्री सेल्सियस नीचे और शोपियां में शून्य से 6.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर में मंगलवार रात को न्यूनतम तापमान शून्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर के काजीगुंद शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया और उत्तरी कश्मीर में गुलमर्ग के स्की रिसॉर्ट में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। कोकेरनाग शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस नीचे और कुपवाड़ा में शून्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर में मौसम शुष्क है और बर्फबारी नहीं होने से रात में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है जबकि दिन अपेक्षाकृत गर्म हैं। श्रीनगर में दिन का तापमान साल के इस समय के सामान्य तापमान से आठ डिग्री सेल्सियस अधिक है। कश्मीर लंबे समय से सूखे के दौर से गुजर रहा है और दिसंबर में 79 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई। जनवरी के पहले पखवाड़े में घाटी के ज्यादातर हिस्सों में कोई बारिश नहीं हुई है। कश्मीर के अधिकतर मैदानी इलाकों में बर्फबारी नहीं हुई है। घाटी के ऊपरी इलाकों में सामान्य से कम बर्फबारी हुई है।
==
कश्मीर में चिल्लई-कलां
कश्मीर में वर्तमान में 40 दिनों की भीषण सर्दी वाली अवधि चिल्लई-कलां जारी है। इन दिनों क्षेत्र में शीत लहर चलती है और तापमान बेहद नीचे चला जाता है, जिससे जल निकायों के साथ-साथ पाइप में भी पानी जम जाता है। इस अवधि के दौरान बर्फबारी की संभावना अधिक होती है और अधिकांश क्षेत्रों, विशेषकर ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी होती है। चिल्लई-कलां का दौर 31 जनवरी को खत्म होगा। इसके बाद 20 दिवसीय चिल्लई-खुर्द और 10 दिवसीय ‘‘चिल्लई-बच्चा” का दौर शुरू होगा। इस दौरान शीतलहर जारी रहेगी।
—
दिल्लीवासियों को मिल सकती है राहत
दिल्ली में अब बारिश के चलते ठंड से कुछ राहत की उम्मीद है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने 27 जनवरी 2024 को पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना जताई है, जिसका असर सबसे पहले 3 दिनों तक पहाड़ों पर पड़ेगा और फिर मैदानी इलाकों में देखा जाएगा। राष्ट्रीय राजधानी इस प्रणाली के हाशिये पर होगी लेकिन फिर भी बारिश की संभावना बनी रहेगी। इससे कड़कड़ाती ठंड पर भी लगाम लग सकती है हालांकि इस हफ्ते ठंड से कोई खास राहत मिलने की संभावना नहीं है।
—
बिहार में येलो अलर्ट
बिहार में अभी हाड़ कंपाने वाली भयंकर ठंड पड़ रही है। पटना समेत प्रदेश के कई शहर में शीतलहर की चपेट में हैं। इस बीच मौसम विभाग ने राज्य भर में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। बुधवार को कुछ हिस्सों के लिए कोहरे का ऑरेंज और कुछ के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
000


 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                