8 से 11 जनवरी तक प्रदर्शन
नई दिल्ली। दिल्ली समेत यूपी बिहार में पुरानी पेंशन बहाली के लिए आज से रेल कर्मचारी भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। रेल कर्मचारियों की ये हड़ताल 8 से 11 जनवरी के बीच चलने वाली है। सरकारी रेल कर्मचारी पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर जंतर मंतर के साथ ही अपने प्रशासनिक कार्यालयों पर भी भूख हड़ताल कर रहे हैं। पुरानी पेंशन योजना बहाली संयुक्त मंच (जेएफआरओपीएस) ने 15 दिसंबर को स्टीयरिंग कमेटी की बैठक और ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन की दो जनवरी को हुई स्टैंडिंग कमिटी की बैठक में यह फैसला किया था।
9 से 5 बजे तक चलेगी ये हड़ताल
8 से 11 जनवरी को होने वाली यह भूख हड़ताल सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक चलेगी। इसमें रक्षा, शिक्षक और अन्य संस्थाओं के कर्मचारी भी शामिल होंगे। जेएफआरओपीएस के संयोजक और एआईआरएफ के महामंत्री शिव गोपाल मिश्र ने बताया कि पुरानी पेंशन योजना की बहाली उन सभी केंद्र और प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों और रेल कर्मचारियों का प्रमुख मुद्दा है जो 1 जनवरी 2004 से सरकारी सेवा में आए हैं। इसी को लेकर कंपकंपाती सर्दी में कर्मचारी भूख हड़ताल पर बैठेंगे। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों ने सरकार को अब एक आखिरी मौका दिया है। इसके बाद हड़ताल का नोटिस सरकार को दिया जाएगा।
पहले भी कर चुके हैं हड़ताल
रेलवे कर्मचारी पुरानी पेंशन योजना को बहाली की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि नई पेंशन योजना उनके लिए असुरक्षित है। एनपीएस के तहत, पेंशन की राशि बाजार की स्थितियों से प्रभावित होती है। यदि बाजार में गिरावट आती है, तो पेंशन की राशि भी कम हो सकती है। इसके अलावा, एनपीएस के तहत, कर्मचारी को अपने वेतन से पेंशन के लिए योगदान देना होता है। इससे उनके वेतन में कमी आती है। रेलवे कर्मचारी पुरानी पेंशन योजना को बहाली की मांग को लेकर कई बार आंदोलन कर चुके हैं। 2023 में, उन्होंने 20 और 21 नवंबर को अनिश्चितकालीन हड़ताल की थी।
000

