बालोद और कुरुद में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की सभा
—
बालोद/कुरुद। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी ने बालोद के जुंगेरा की जनसभा में केंद्र की मोदी सरकार पर बड़ा हमला किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार फिजूलखर्ची कर रही है। सरकार जिस पैसे को अपना कहती है, वह जनता का पैसा होता है। सरकार जब इन पैसों को खर्च करती है तो आपको पूछना चाहिए कि क्या यह हमारे काम के लिए खर्च किया जा रहा है। प्रियंका गांधी ने बालोद और धमतरी के कुरुद में आमसभा को संबोधित किया। बालोद की सभा में उन्होंने कहा कि पांच सालों में पौने दो लाख करोड़ रुपए जनता के खातों में गए हैं, आपका पैसा आपके खातों में वापस आ रहा है। बीते पांच सालों में लाखों लोग गरीबी रेखा से ऊपर आ गए हैं। उन्होंने मतदाताओं को कहा कि जब आप वोट डालने जाएंगे तो पूरी तरह से जागरूक होकर वोट डालने जाएं। प्रियंका गांधी ने उद्बोधन की शुरुआत छत्तीसगढ़ी भाषा में की। वहीं, उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों से भरपूर बालोद का पूरे देश को मजबूत बनाने में एक बहुत बड़ा योगदान है। राजहरा माइंस से कच्चा लोहा भिलाई इस्पात संयंत्र जाता है और वहां लोहा बनता है। इस योगदान के लिए पूरा देश आपके प्रति आभारी है।
चुनाव में ज्यादा महिलाओं को टिकट
प्रियंका ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में ज्यादा महिलाओं को टिकट मिला है। छत्तीसगढ़ में महिलाएं सबसे ज्यादा आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि किसानों का प्रति एकड़ 20 क्विंटल 3200 रुपए क्विंटल में धान खरीदा जाएगा। पूर्व की तरह इस बार भी किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। सभी सरकारी स्कूलों में आत्मानंद स्कूल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी, वर्तमान में संचालित स्कूलों को और विकसित किया जाएगा। भूमिहीन कृषि मजदूरों को 10 हजार सालाना मिलेंगे घरेलू गैस सिलेंडर में 500 रुपए सब्सिडी मिलेगी, 10 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज मिलेगा, केजी से लेकर पीजी तक शिक्षा मुफ्त होगी। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस द्वारा की गई तमाम घोषणाओं को मतदाताओं के सामने रखा। उन्होंने कहा कि पूरे देश में छत्तीसगढ़ प्रदेश ही ऐसा प्रदेश है, जहां किसानों के धान का सबसे अधिक दाम पर खरीदा जा रहा है।
भूपेश बघेल की सरकार ने किए बेहतरीन काम
प्रियंका गांधी ने कहा कि पांच सालों में भूपेश बघेल की सरकार ने छत्तीसगढ़ जनता की बेहतरी के लिए काम किया। भूपेश जी किसान के बेटे हैं, वह आपकी समस्याओं को समझते हैं। कांग्रेस में भूपेश जी के जैसे कई नेता है। उन्होंने गांधी जी के स्वराज मॉडल को अपनाते हुए गांवों को मजबूत किया है। जनता को अधिकार और संपत्ति मिली। पौने दो लाख करोड़ रुपये जनता की जेब में डाले गए। लाखों लोग गरीबी से बाहर आए। कांग्रेस सरकार ने गौठान बनाए जिससे स्व सहायता समूह की महिलाएं 1 से 6 लाख रुपये तक कमा रही हैं। मोबाइल अस्पताल बनाए। कांग्रेस की सरकार ने काम, शिक्षा, भोजन, जमीन के पट्टे का अधिकार दिया। भाजपा कार्यकाल में पहले ऐसा कभी नहीं हुआ। पहले छत्तीसगढ़ का नाम सुनते ही हिंसा, गरीबी और नक्सलियों का ही ख्याल आता था।
–
हमने दो घंटे में किया किसानों का कर्ज माफ
श्रीमती गांधी ने कहा कि जब छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनी तो दो घंटे के अंदर पहली कैबिनेट मीटिंग में किसानों की कर्ज माफी का फैसला लिया गया, लेकिन बीजेपी कहती है कि उनके पास किसानों के लिए पैसे नहीं है। बीजेपी उन उद्योगपतियों के कर्ज माफ करती है, जिनके पेट भरे हुए हैं। उद्योगपतियों के कर्ज आपके पैसे से माफ किए जा रहे है। आप पर टैक्स लगा रहा है, आपके पैसे लूटे जा रहे हैं और केंद्र सरकार इन पैसों से फिजूलखर्ची कर रही है।
—
कांग्रेस की सरकार भरोसे की सरकार
कुरुद में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा नेकहा कि भाजपा सिर्फ चुनाव के वक्त घोषणा करती है, लेकिन कांग्रेस सिर्फ घोषणा ही नहीं, उसे पूरा करने का काम भी करती है। यही कारण है कि आज कांग्रेस पार्टी के प्रति आपका भरोसा बरकरार है। इस भरोसे का आधार हमारी विचारधारा है, जिस पर हम काम कर रहे हैं। कुरुद के अटल बिहारी स्टेडियम से मंगलवार की दोपहर ‘अजयगढ़’ को ढहाने सहित धमतरी जिले में कांग्रेस का परचम लहराने की अपील करते हुए श्रीमती वाड्रा ने कहा कि छग में कांग्रेस की सरकार भरोसे की सरकार है। उन्होंने अपने कार्यों से जनता का भरोसा जीता है। आगे कहा कि धर्म और जाति के आधार पर लड़ाई कराना, यह कांग्रेस की विचारधारा नहीं है। कांग्रेस गांधी जी की विचारधारा पर चलने वाली पार्टी है। इस अवसर पर कांग्रेस प्रत्याशी कुरूद तारिणी चंद्राकर, धमतरी प्रत्याशी ओंकार साहू, सिहावा प्रत्याशी अंबिका मरकाम के अलावा कांग्रेसी नेता कुमारी सैलजा, सप्तगिरि उल्का, राजेश तिवारी, शरद लोहाना, गुरुमुख सिंह होरा, विपिन साहू, मोहन लालवानी, मुकेश कोसरे, आशीष शर्मा, नीलम चंद्राकर, तपन चंद्राकर, प्रमोद साहू, देवव्रत साहू के अलावा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित थे।
00000


 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                