‘अबकी बार शिवराज नहीं, अबकी बार भाजपा सरकार’

-केंद्रीय कृषि मंत्री तोमर ने एमपी में सीएम फेस की चर्चा के दौरान कहा

भोपाल। मोदी सरकार में कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर मध्य प्रदेश के चंबल में पान सिंह तोमर के इलाके से चुनाव लड़ रहे हैं। वो इस बार दिमनी विधानसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी हैं। एक न्यूज चैनल से बातचीत में उन्होंने साफ कह दिया कि इस बार का नारा- ‘अबकी बार शिवराज सरकार’ नहीं बल्कि ‘अबकी बार भाजपा सरकार’ है। बीस साल में पहली बार एमपी में बीजेपी की तरफ से मुख्यमंत्री का चेहरा पेश ना करने पर तोमर ने कहा शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री हैं इसमें किसी को क्या शक है। आगे वो होंगे मुख्यमंत्री इसके लिये एक प्रक्रिया है। हर बार शिवराज सिंह चौहान को जब मुख्यमंत्री बनाया गया तो उसी प्रक्रिया से गुज़रकर बनाया गया। अबकी बार शिवराज सरकार नहीं, अबकी बार भाजपा सरकार है इस बार का नारा। केन्द्रीय कृषि मंत्री तोमर ने चर्चा में कहा विधानसभा चुनाव लड़ने के बारे में मन से सोचा नहीं था। लेकिन पार्टी का आदेश ही हमारा धर्म है।

पार्टी का आदेश हमारा धर्म

सात सांसदों को विधानसभा चुनाव में उतारने के बारे में नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा जब चुनाव होता है तो कई तरह की रणनीति पर पार्टी काम करती है। हम सब बीजेपी के कार्यकर्ता हैं। पार्टी को लगा कि सारे सांसदों को उतारना चाहिए तो कुछ लोगों का चयन उन्होंने किया औऱ हमें विधानसभा चुनाव लड़ने का आदेश दिया। हम लड़ रहे हैं। इसमें किसी को क्या आपत्ति होना चाहिए. मन से स्वाभिवक रूप से पहले कभी सोचा नहीं था। लेकिन हम पार्टी के कार्यकर्ता हैं। पार्टी के लिये जो उपयुक्त हो, समय पर वो करना चाहिए यही हमारा धर्म है।

99999999

‘शिवराज सरकार ने 22000 घोषणाएं कीं, पूरी 22 भी नहीं हुईं’

-धार में प्रियंका गांधी ने आदिवासियों को साधा

धार। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी चुनाव प्रचार को लेकर सोमवार को धार जिले के कुक्षी विधानसभा के ग्राम डही में पहुंची थीं। आदिवासियों को साधने के लिए यहां उनकी सभा की गई। उन्होंने भाजपा पर जमकर हमला बोला। प्याज के बढ़ते भावों पर तंज कसा। उन्होंने युवाओं के रोजगार और बढ़ते महिला अपराधों को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, मैं पूछना चाहती हूं कि कितने नौजवान हैं, जिन्हें भाजपा ने रोजगार दिया है। इस सरकार ने 22 हजार घोषणाएं की हैं, लेकिन 22 भी पूरी नहीं की। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की जनता को कांग्रेस की गारंटियों पर भरोसा है। भाजपा जा रही है और कांग्रेस आ रही है।

डही के पुलिस ग्राउंड पर हुई इस आमसभा में कमलनाथ भी मौजूद थे। प्रियंका ने कहा कि युवाओं को न रोजगार मिल रहा है, न ही मप्र में उद्योग लग रहे हैं। उज्जैन में एक बच्ची के साथ दुष्कर्म होता है। आपके प्रदेश मंु हर रोज 17 महिलाओं के साथ दुष्कर्म होता है। सरकार महिलाओं को सुरक्षा नहीं दे पा रही है। उन्होंने कहा कि अब आपके सामने चुनाव हैं, आप चुनिए कि क्या आपको फिर से इन्हें 5 साल देना है कि आप पर भ्रष्टाचार, अत्याचार, अपराध बढ़ें? इन्होंने रोजगार के साधन खत्म कर दिए। बच्चों ने तैयारी की कि सेना में जाएंगे इन्होंने अग्निवीर योजना लगा दी कि 4 साल करो और घर जाओ। यहां पर रोजगार के साधन खत्म करके बड़े-बड़े उद्योगपतियों को दे दिए गए हैं, जबकि हमने छत्तीसगढ़ में लेने की बजाय सभी के जेब में डाला है।

0000

प्रातिक्रिया दे