मोदी नाम से फोटो ………….
नई दिल्ली। देश को पहली रेपिड रेल (नमो भारत) मिल गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गाजियाबाद के वसुंधरा सेक्टर-8 में बने स्टेशन से ‘नमो भारत’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आज 21 अक्टूबर से रैपिड ट्रेन सेवा आम लोगों के लिए शुरू हो जाएगी। पहले फेज में दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर पर साहिबाबाद से दुहाई डिपो तक 17 किमी की यात्रा की जा सकेगी। यह यात्रा 12 मिनट में तय की जा सकेगी। पीएम मोदी ने गाजियाबाद से रैपिड रेल को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान उनके साथ यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, सीएम योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।
कॉरिडोर की लंबाई 82 किमी
इस कॉरिडोर की लंबाई 82 किमी है, जिसमें से 14 किमी का हिस्सा दिल्ली में और 68 किमी का हिस्सा उत्तर प्रदेश में है। अभी यह रेल 5 स्टेशनों के बीच 17 किलोमीटर तक का सफर तय करेगी। बाद में 82 किलोमीटर का कॉरिडोर पूरा होने के बाद दिल्ली से मेरठ तक की यात्रा 1 घंटे से कम समय में की जा सकेगी।
180 किमी की गति से चल सकती है नमो भारत
आरआरटीएस ट्रेनों को 180 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलाने के लिए डिजाइन किया गया है। हालांकि, ये ट्रेनें पटरियों पर 160 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ेंगी। यह ट्रेन 60 मिनट में 100 किलोमीटर तक का सफर तय कर सकती है। 6 कोच वाली इस ट्रेन का लुक बिल्कुल बुलेट ट्रेन की तरह है।
महिलाएं संभालेंगी इन ट्रेनों की कमान
इन आधुनिक हाई स्पीड, हाई-फ्रीक्वेंसी रैपिडएक्स ट्रेनों के संचालन में महिलाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इस खंड के परिचालन में महिला कर्मचारियों की भागीदारी पुरुष कर्मचारियों से अधिक होगी। प्राथमिक खंड में रैपिडएक्स ट्रेनों के संचालनों के लिए नियुक्त ट्रेन संचालकों में पुरुष संचालकों की तुलना में महिला संचालकों की संख्या अधिक है। इसके अलावा, स्टेशन कंट्रोल, प्रबंधन, संचालन एवं रख-रखाव, ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर, ट्रेन अटेंडेंट आदि के रूप में भी महिलाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
–
पीएम मोदी ने स्कूली बच्चों से की बात
पीएम मोदी ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद उसमें बैठकर सफर का भी आनंद लिया। इस दौरान उन्होंने ट्रेन में मौजूद स्कूली बच्चों से भी बात की. पीएम मोदी ने नमो भारत के क्रू से भी बातचीत की। आरआरआरटीएस को उन यात्रियों की जरूरतों को पूरा करने के लिए डिजाइन किया गया है, जो तेज गति और शांत तरीके से लंबी दूरी की यात्रा करना चाहते हैं।
पहले खंड में 5 स्टेशन
पहले खंड में रैपिड रेल साहिबाबाद, गाजियाबाद, गुलधर, दुहाई और दुहाई डिपो के बीच चलाई जाएगी। आरआरटीएस का प्राथमिक खंड देश की ऐसी पहली रेलवे प्रणाली है, जिसे 160 किमी प्रति घंटा की अधिकतम परिचालन गति पर पूरा सफर तय करने के लिए खोला जा रहा है। रैपिडएक्स, यात्रियों के लिए तेज़, सुरक्षित और आरामदायक रीजनल आवागमन सेवा सुनिश्चित करेगा।
000000

