बृहस्पत बोले- छत्तीसगढ़ के शिंदे बनेंगे टीएस, 15-20 विधायकों के साथ भाजपा से जा मिलेंगे

0 चुनाव से पहले बृहस्पत सिंह का उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव पर सनसनीखेज आरोप

0 कहा- लगातार पार्टी विरोधी बयान देते हैं, कार्रवाई तक नहीं होती

रायपुर

छत्तीसगढ़ में चुनाव की तारीखें जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, जुबानी जंग भी तेज हो रही है। कांग्रेस में टिकट वितरण के बाद यह जंग आपस में ही और तेज होती नजर आ रही है। रामानुजगंज विधायक बृहस्पत सिंह ने गुरुवार को उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव पर सनसनीखेज आरोप लगाए। बृहस्पत सिंह ने दावा किया कि टीएस सिंहदेव भाजपा के साथ मिले हुए हैं। लगातार उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से बात हो रही है। टीएस सिंहदेव को अगर कांग्रेस पार्टी ने मुख्यमंत्री नहीं बनाया तो वह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री की तरह छत्तीसगढ़ का एकनाथ शिंदे बन जाएंगे। 10-15 विधायकों को लेकर वे भाजपा के साथ जा मिलेंगे और मुख्यमंत्री बन जाएंगे। बृहस्पत सिंह यहीं नहीं रुके, उन्होंने अंबिकापुर, रायपुर दक्षिण, राजनांदगांव समेत कुछ सीटों पर भाजपा और कांग्रेस के बीच सेटिंग होने की बात कही। बृहस्पत सिंह ने दावा किया कि रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र में कोई भी कांग्रेस नेता चुनाव लड़ने को तैयार नहीं हुआ। फिर भी 200 किलोमीटर दूर से अजय तिर्की को लाकर टीएस सिंहदेव ने प्रत्याशी बनाया है। बृहस्पत सिंह ने उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव पर लगातार पार्टी विरोधी बयान देने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि पंचायत मंत्री के रूप में चार पन्नों की अपनी चिट्ठी से टीएस सिंहदेव ने छत्तीसगढ़ में आवास के मुद्दे पर भाजपा को प्रदर्शन का अवसर दे दिया। उनके पत्र की वजह से हर कांग्रेसी विधायक के घर प्रदर्शन होने लगे। घोषणापत्र के वादों को पूरा करने के मामले में भी टीएस सिंहदेव का बयान बाकी नेताओं से अलग रहा। सभी नेता कहते रहे कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने 36 में से 34 वादे पूरे कर लिए। टीएस सिंहदेव कहते हैं 36 में से सिर्फ 12 वादे ही पूरे किए गए हैं। इसके बाद भी पार्टी ने उन पर कोई कार्रवाई नहीं की। और तो और 75 पार सीटें जीतने को लेकर भी टीएस सिंहदेव अलग-अलग बयानबाजी करते नजर आए। उन्होंने कह दिया कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी 50-55 सीट जीतने जा रही है। इसके बाद भी कांग्रेस नेतृत्व ने कोई कार्रवाई नहीं की। अपने अगले कदम के संबंध में बृहस्पत सिंह ने कहा मैं कांग्रेस पार्टी का समर्पित कार्यकर्ता हूं और रहूंगा। मैं पार्टी के खिलाफ नहीं जाऊंगा। अगर मुझसे रामानुजगंज के प्रत्याशी प्रचार के लिए कहेंगे, तो मैं जरूर वहां प्रचार करूंगा, लेकिन अपने मन से प्रचार करने नहीं जाऊंगा। पार्टी अगर दूसरे सीट में भी मुझे प्रचार का आदेश देगी तो मैं जरूर प्रचार करूंगा।

लगातार दबाव बना रहे सिंहदेव

बृहस्पत सिंह ने कहा कि दरअसल कांग्रेस नेतृत्व टीएस सिंहदेव से डर गया है। इसीलिए उनकी हर बात मान रहा है। पहले टीएस सिंहदेव ने उपमुख्यमंत्री बनने के लिए दबाव बनाया। पार्टी ने वह बात मान ली। टिकट वितरण को लेकर भी टीएस सिंहदेव ने दबाव बनाया। अब वह मुख्यमंत्री बनने को लेकर भी पार्टी पर दबाव बनाएंगे।

टीएस बोले- सर्वे के आधार पर टिकट

इधर, रायपुर छन्नी साहू और बृहस्पति सिंह के टिकट कटने पर डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए टिकट मिले, इसका आधार सर्वे था। उन्होंने कहा कि बृहस्पत सिंह की टिकट मेरे वज़ह से कटी, ऐसा नहीं है। सर्वे में आया होगा इनके जीतने के चांस कम हैं, तब कटी होगा। छन्नी के साथ भी कहीं न कहीं ऐसी बात हुई होगी।

0000000

प्रातिक्रिया दे