लोकसभा की लॉग-इन डिटेल लीक करने का लगाया आरोप

-महुआ की एक और शिकायत करते हुए दुबे ने लिखा केंद्रीय आईटी मंत्री को पत्र

(फोटो – महुआ)

नई दिल्ली। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ एक बार फिर पत्र लिखा है। इस बार उन्होंने यह पत्र केंद्रीय आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर को लिखा है। इस पत्र में दुबे ने महुआ पर आरोप लगाया है कि उन्होंने लोकसभा वेबसाइट की लॉगिन से जुड़ी डिटेल लीक की है। बता दें कि रविवार को भी निशिकांत दुबे ने मोइत्रा के खिलाफ लोकसभा स्पीकर को पत्र लिखा था। इसमें उन्होंने मोइत्रा पर घूस लेने का आरोप लगाया था और जांच के लिए कमेटी गठित करने की मांग की थी। इतना ही नहीं, उन्होंने सदन से महुआ मोइत्रा को निलंबित किए जाने की भी मांग की है।

अपने आरोपों को दोहराया

अपने पहले पत्र में सांसद निशिकांत दुबे का दावा था कि सुप्रीम कोर्ट के एक वकील ने टीएमसी सांसद के बिजनेसमैन दर्शन हीरानंदानी से घूस लेने का आरोप लगाया है। अपने ताजा पत्र में भाजपा सांसद ने आरोप को दोहराया। साथ ही आईटी मंत्रालय से इस बात की जांच करने का आग्रह किया कि क्या मोइत्रा ने हीरानंदानी और उनके रियल एस्टेट समूह को लोकसभा वेबसाइट के लिए अपने लॉगिन क्रेडेंशियल मुहैया कराई है? दुबे ने पत्र में लिखा कि अगर दावे सही पाए जाते हैं, तो यह भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा का उल्लंघन होगा।

आईपी एड्रेस का भी लगाएं पता

इसके अलावा, भाजपा सांसद ने मोइत्रा के लोकसभा अकाउंट के सभी लॉगिन क्रेडेंशियल्स के आईपी एड्रेस का पता लगाने के लिए भी जांच की मांग की है। साथ ही यह भी पता लगाने के लिए कहा है कि क्या ऐसा कोई उदाहरण है जहां इसे उस जगह पर एक्सेस किया गया था जहां वह मौजूद नहीं थीं। मोइत्रा के व्यवहार को अनैतिक, गैरकानूनी और देश की सुरक्षा के लिए हानिकारक बताते हुए दुबे ने आईटी मंत्रालय से आग्रह किया कि वह उनके खिलाफ लगे आरोपों को गंभीरता से ले।

000

प्रातिक्रिया दे