शाह बोले- छत्तीसगढ़ के भ्रष्टाचारियों को उल्टा लटकाकर करेंगे सीधा

—छत्तीसगढ़ में केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने किया चुनाव शंखनाद, प्रदेश सरकार पर लगाए आरोप

इंट्रो

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ सरकार पर यहां जमकर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक एवं सार्वजनिक जीवन में उन्होंने कभी इतना भ्रष्टाचार नहीं देखा, जितना छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने किया है। श्री शाह ने आम जनता से इस चुनाव में आशीर्वाद मांगते हुए यह भी कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार आने के बाद वे यहां के भ्रष्टाचारियों को उल्टा-लटकाकर सीधा करेंगे और एक-एक पाई भी वसूलेंगे।

राजनांदगांव। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने स्टेट हाईस्कूल में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित किया। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की नामांकन रैली में शामिल होने के लिए यहां पहुंचे केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री शाह ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ को एटीएम बनाकर रखा हुआ है। यहां का पैसा बटोरकर दिल्ली दरबार में भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि फूड चैन की तरह भूपेश बघेल ने भ्रष्टाचार का फूड चैन बनाया है, जिसमें पटवारी से लेकर मुख्यमंत्री तक शामिल हैं। श्री शाह ने कहा कि भूपेश सरकार ने पिछले पांच साल के कार्यकाल में इतने अधिक घोटाले किए हैं, जितने उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में कभी नहीं देखा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शराब घोटाला, कोयला परिवहन घोटाला, गरीब अन्न योजना में घोटाला, पीडीएस घोटाला, महादेव एप घोटाला, बच्चों की नौकरी में भी भ्रष्टाचार किया है। विकास करने वाली सरकार चाहिए। मोदी के नेतृत्व में स्वर्णिम इतिहास बनाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनते ही वे भ्रष्टाचारियों को उल्टा लटकाकर सीधा करेंगे और एक-एक पाई का हिसाब भी लेंगे। श्री शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पिछले पांच साल में दंगे हुए हैं। छत्तीसगढ़ कौमी दंगों का केंद्र नहीं बनना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा भुनेश्वर साहू को न्याय दिलाने के लिए लड़ाई लड़ रही है और जनता का आशीर्वाद उन्हें मिलेगा।

वादे किए थे, उनका क्या हुआ

गृहमंत्री अमित शाह ने भूपेश सरकार को आड़े हाथों लेते यह भी पूछा कि पिछले चुनाव में उन्होंने जितने वादे किए थे, उनका क्या हुआ? उन्होंने कहा कि पचास हजार शिक्षकों की भर्ती नहीं की गई। शहरी इलाकों में संपत्ति कर आधा नहीं किया गया। शराबबंदी का वायदा किया गया था, लेकिन वह भी पूरा नहीं हुआ। बिजली बिल हाफ क्यों नहीं किया गया? उन्होंने कहा कि राज्य में दलित, आदिवासी, ओबीसी, माता-बहनें और युवा खुशहाल नहीं हैं, बल्कि भूपेश बघेल ने सिर्फ गांधी परिवार को खुशहाल बनाया है।

0 सिर्फ भ्रष्टाचार में व्यस्त रहे भूपेश : डॉ. रमन

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने जनसभा को संबोधित करते कहा कि प्रदेश की भूपेश सरकार पिछले पांच सालों में सिर्फ भ्रष्टाचार करने में ही व्यस्त रही है। उन्होंने घोटाले की सूची पढ़ते हुए कहा कि भूपेश ने भ्रष्टाचार का विश्वभर में कीर्तिमान बना दिया है। युवाओं के साथ पीएससी भर्ती में व्यापक पैमाने पर छल किया गया। भूपेश सरकार ने कवर्धा में ध्वज को कुचलने की घटना कराई और बिरनपुर की हिंसा को भी लोगों ने भूला नहीं है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने धारा 370 समाप्त कर एक मिसाल पेश की है।

डॉ़ रमन ने भरा नामांकन

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजनांदगांव के भाजपा प्रत्याशी डॉ़ रमन सिंह ने आज कलेक्टोरेट पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान डॉ़ सिंह के साथ सांसद संतोष पाण्डेय, पूर्व सांसद मधुसूदन यादव, जिला भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सुरेश एच़ लाल एवं संतोष अग्रवाल उपस्थित थे।

000

प्रातिक्रिया दे