आज से एशियान गेम्स की शुरुआत : स्टेपल वीजा देने के प्रस्ताव को भारत ने ठुकराया
नई दिल्ली। चीन ने अपने यहां हो रहे एशियाई खेलों में हिस्सा लेने के लिए अरुणाचल प्रदेश के तीन एथलीटों को वीजा देने से इनकार कर देने के बाद भारत ने सख्त रुख अख्तियार किया है। इसके विरोध में खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने अपनी चीन यात्रा रद्द कर दी है। खबर है कि चीन ने इन तीनों खिलाड़ियों को स्टेपल वीजा जारी करने का प्रस्ताव दिया था, जिसे भारत ने ठुकरा दिया।
विदेश मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी कि केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने अपना चीन दौरा रद्द कर दिया है। बता दें कि खेल मंत्री भारतीय खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने चीन जाने वाले थे। ये फैसला चीन द्वारा अरुणाचल प्रदेश के 3 खिलाड़ियों को प्रवेश देने से इनकार करने के बाद लिया गया है। भारत ने चीन की राजधानी बीजिंग और नई दिल्ली में आधिकारिक माध्यमों के जरिए भी चीन का विरोध शुरू किया है। बता दें कि कई बार अरुणाचल प्रदेश के खिलाड़ियों को लेकर दोनों देशों के बीच विवाद हो चुका है।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि मैं चीन के इस फैसले की निंदा करता हूं। अरुणाचल प्रदेश विवादित क्षेत्र नहीं है, बल्कि भारत का अभिन्न अंग है। चीन के इस कदम से राज्य की स्थिति में कोई बदलाव नहीं आएगा। चीन के इस कदम पर इंटरनेशनल ओलिंपिक कमेटी को रोक लगानी चाहिए।
क्या बोला भारतीय विदेश मंत्रालय
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, हमें पता चला है कि चीन ने अरुणाचल प्रदेश के कुछ खिलाड़ियों के साथ भेदभाव करते हुए उन्हें 19वें एशियन खेलों में प्रवेश देने से इनकार कर दिया है। चीन का ये कदम खेल भावना और नियमों के खिलाफ है। भारत निवास और जातीयता के स्थान पर किसी भी भेदभाव को खारिज करता है। विरोध के तौर पर केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने अपना दौरा रद्द कर दिया है।
वीजा मामले पर चीन ने दी यह प्रतिक्रिया
भारतीय खिलाड़ियों को वीजा नहीं देने पर चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माओ निंग ने कहा, “मेजबान देश के रूप में चीन सभी देशों के एथलीटों का कानूनी दस्तावेज के साथ एशियाई खेलों में भाग लेने के लिए हांगझू आने का स्वागत करता है। जहां तक तथाकथित ‘अरुणाचल प्रदेश’ का सवाल है, चीनी सरकार इसे मान्यता नहीं देती है।”
टीम के साथ नहीं जा सके खिलाड़ी
इस समय चीन के हांगझोऊ में एशियाई खेल का आयोजन हो रहा है। भारत की अलग-अलग टीमें इसमें हिस्सा ले रही हैं। भारतीय वूशु टीम में अरुणाचल प्रदेश के 3 खिलाड़ी न्येमान वांग्सू, ओनिलु तेगा और मेपुंग लाम्गु को चीन द्वारा वीजा नहीं दिया गया है। इस वजह से ये तीनों टीम के साथ हांगझोऊ रवाना नहीं हो सके।
19वें एशियाई खेल आयोजन आज से
गौरतलब है कि 19वें एशियाई खेलों का आयोजन 23 सितंबर से 8 अक्टूबर के बीच चीन के हांगझोऊ में हो रहा है। इस बार भारतीय दल के कुल 655 खिलाड़ी, 41 अलग-अलग खेलों में देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीम भी पहली बार इन खेलों में हिस्सा ले रही हैं। 2018 में भारत ने इस स्पर्धा में 70 पदक जीते थे। एशियाई खेलों का पहली बार आयोजन भारत की राजधानी दिल्ली में साल 1951 में हुआ था।
पहले भी ऐसी हरकत कर चुका है चीन
ये पहली बार नहीं है जब चीन ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाड़ियों को वीजा जारी नहीं किया है। हाल ही में चीन में हुए यूनिवर्सिटी गेम्स में भी भारत ने अपनी वूशु टीम भेजनी चाही थी, जिसमें अरुणाचल प्रदेश के यही 3 खिलाड़ी शामिल थे। चीन ने टीम के बाकी सदस्यों को तो सामान्य वीजा जारी किया, लेकिन इन तीन खिलाड़ियों को स्टेपल वीजा जारी किया था। इसके बाद भारत ने पूरी टीम ही एयरपोर्ट से वापस बुला ली थी।
00000

