मराठा आंदोलनकारियों का उग्र प्रदर्शन, फूंकी बस

  • बीड पहुंची मराठा आरक्षण आंदोलन की आग, तीन गिरफ्तार

मुंबई। अब ‘मराठा आरक्षण’ की आग ‘बीड’ जिला तक भी पहुंच गई है। बीड जिले के गेवराई में मराठा आंदोलनकारियों ने एक एसटी बस को आग लगा दी। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आंदोलनकारियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार देर रात एसटी बस छत्रपति संभाजीनगर से लातूर के अहमदपुर की ओर जा रही थी। जैसे ही बस गेवराई इलाके में पहुंची मराठा आंदोलनकारियों ने नारेबाजी करते हुए बस को रोक लिया। इसके बाद आंदोलनकारियों ने बस में सवार सभी यात्रियों को नीचे उतारकर बस में आग लगा दी। जालना लाठीचार्ज के खिलाफ मराठा क्रांति मोर्चा ने गुरुवार को बीड जिले में कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन जारी रखा। इसे देखते हुए धुले-सोलापुर हाईवे, बीड-अहमदनगर, बीड-परली, माजलगांव-परभणी, कल्याण-विशाखापत्तनम, खामगांव-पंढरपुर, अहमदपुर-पटोदा हाईवे जैसी महत्वपूर्ण सड़कों और राजमार्गों पर पुलिस तैनात की गई है। वहीं, दूसरी ओर मराठा आरक्षण की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे मनोज जारंगे ने राज्य सरकार की ओर से जारी शासनादेश में बदलाव करने की मांग की है। मनोज जारंगे ने गुरुवार को कहा कि जब तक राज्य सरकार शासनादेश में बदलाव नहीं करती, तब तक भूख हड़ताल आंदोलन जारी रहेगा।

00

प्रातिक्रिया दे