सर्वोच्च फ्रांसीसी सम्मान ‘लीजन ऑफ ऑनर’ से मोदी सम्मानित, बैस्टिल डे परेड में शामिल हुए

फ्रांस के आसमान में भारतीय राफेल लड़ाकू विमानों ने भरी हुंकार

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन दिनों फ्रांस के दौरे पर हैं। इस दौरे के दौरान फ्रांस और भारत के बीच अनेक मुद्दों पर चर्चा हुई और कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। फ्रांस ने इस दौरान मोदी को अपने देश के सर्वोच्च फ्रांसीसी सम्मान लीजन ऑफ ऑनर से सम्मानित किया है। पीएम मोदी यह सम्मान पाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। प्रधानमंत्री फ्रांस की बैस्टिल डे परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। परेड में फ्रांस की प्रथम महिला ब्रिजेट मैंक्रो ने उनका अभिवादन किया और राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने मोदी को गले लगाया।

अपने फ्रांस दौरे के दौरान पीएम मोदी फ्रांस की बैस्टिल डे परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। शुक्रवार को परेड के दौरान भारतीय दस्ते की सलामी ली। इस दौरान फ्रांस की धरती पर ‘सारे जहां से अच्छा, हिंदुस्तान हमारा’ की धुन पर भारतीय सेना के जवान कदमताल करते नजर आए। फ्रांस के आसमान पर भारतीय राफेल ने उड़ान भरी।

मेरा नहीं 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों द्वारा सर्वोच्च फ्रांसीसी सम्मान ‘लीजन ऑफ ऑनर’ से सम्मानित किए जाने के बाद पीएम मोदी ने कहा कि ये भारत के 140 करोड़ लोगों का सम्मान है। मैं फ्रांस के राष्ट्रपति को धन्यवाद देता हूं। यह भारत के प्रति उनके गहरे स्नेह और हमारे देश के साथ मित्रता को आगे बढ़ाने के संकल्प को दर्शाता है।

भारत की तीनों सेनाएं रहीं परेड में हिस्सा

बता दें कि इस परेड में भारत की तीनों सेनाओं की टुकड़ियों ने परेड में हिस्सा लिया, जिसमें 269 सदस्य शामिल रहे। पंजाब रेजिमेंट मार्चिंग दस्ते ने खूबसूरत भारतीय धुन बजाई। इसका नेतृत्व कैप्टन अमन जगताप और नौसैनिक दल का नेतृत्व कमांडर व्रत बघेल लीड ने किया। चैम्पस एल्सीज पर भारत के 3 राफेल लड़ाकू विमानों ने फ्रांस के लड़ाकू विमानों के साथ फ्लाईपास्ट किया। भारतीय वायुसेना के दस्ते का नेतृत्व स्क्वाड्रन लीडर सिंदु रेड्डी ने किया।

भारतीय छात्रों को 5 साल का वीजा : मोदी

भारतीयों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जो भारतीय छात्र फ्रांस में पढ़ेंगे, उन्हें 5 साल का लंबे समय तक रहने वाला वीजा दिया जाएगा। भारत अपने लोगों को कभी खतरे में नहीं देख सकता। हमने प्राथमिकता के आधार पर सूडान से यूक्रेन तक लोगों को निकाला है। पीएम मोदी ने कहा कि आज दुनिया नई विश्व व्यवस्था की ओर बढ़ रही है। भारत की भूमिका तेजी से बदल रही है।

ये हस्तियां भी हो चुकी हैं सम्मानित

लीजन ऑफ ऑनर दुनिया भर के चुनिंदा प्रमुख नेताओं और प्रतिष्ठित हस्तियों को दिया गया है। इनमें दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला, वेल्स के तत्कालीन राजकुमार किंग चार्ल्स, जर्मनी की पूर्व चांसलर एंजेला मर्केल, संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव बुट्रोस बुट्रोस-घाली समेत अन्य शामिल हैं।

15 जुलाई को यूएई जाएंगे मोदी

फ्रांस से लौटते वक्त 15 जुलाई को पीएम मोदी यूएई जाएंगे। इस अहम यात्रा के दौरान वह यूएई के शासक शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से चर्चा करेंगे। यह यात्रा ऊर्जा, खाद्य सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए बेहद खास मानी जा रही है।

000

प्रातिक्रिया दे