‘2047 तक विकसित भारत बनाना हमारा लक्ष्य

-दिल्ली यूनिवर्सिटी के शताब्दी समारोह में बोले पीएम मोदी

  • केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी रहे कार्यक्रम में मौजूद

-डीयू को तीन भवनों की दी सौगात

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली विश्वविद्यालय के शताब्दी समारोह के समापन सत्र को संबोधित करते हुए 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को दोहराया। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी दिल्ली विश्वविद्यालय के शताब्दी समारोह के समापन समारोह में शामिल थे। प्रधानमंत्री मोदी ने समारोह में मौजूद शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा, बीते दिनों जब मैं अमेरिका के दौरे पर गया था तो उस दौरान मुझे यह एहसास हुआ कि दुनिया में हमारे देश का सम्मान तेजी से बढ़ा है। आज भारत दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थब्यवस्था है। देश के जेंडर अनुपात में सुधार हुआ है और भारत की ड्रोन नीति में भी बहुत बडा बदलाव किया गया है। पिछली शताब्दी के तीसरे दशक ने स्वतंत्रता संग्राम को नई गति दी थी, अब इस शताब्दी का ये तीसरा दशक भारत की विकास यात्रा को नई रफ़्तार देगा।

पीएम मोदी ने आगे कहा, आज देशभर में बड़ी संख्या में यूनिवर्सिटी, कॉलेज बनाए जा रहे हैं। हमारे शिक्षण संस्थान दुनिया में एक अलग पहचान बना रहे हैं। एक समय था जब छात्र किसी संस्थान में दाखिला लेने से पहले सिर्फ प्लेसमेंट को ही प्राथमिकता देते थे। लेकिन आज, युवा जिंदगी को इसमें बांधना नहीं चाहता, वो कुछ नया करना चाहता है। अपनी लकीर खुद खींचना चाहता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि एआई और वीआर अब साइंस फिक्शन नहीं। हमारे जीवन का हिस्सा हैं। ड्राइविंग से लेकर सर्जरी तक, सभी कुछ ऑर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से संभव हो रहा है।

1 लाख के पार स्टार्टअप

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आज भारतीय विश्वविद्यालयों की वैश्विक मान्यता बढ़ रही है। 2014 में क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में केवल 12 भारतीय विश्वविद्यालय थे, अब यह बढ़कर 45 हो गया है। शैक्षणिक संस्थानों की गुणवत्ता में सुधार के लिए, हम लगातार काम कर रहे हैं। 2014 से पहले भारत में लगभग 100 स्टार्टअप थे, आज यह संख्या 1 लाख को पार कर गई है।

‘विश्व का सबसे बड़ा हेरिटेज म्यूजियम बनने जा रहा है’

पीएम ने कहा कि भारत विश्व की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था है। विकसित भारत का निर्माण करना हमारा लक्ष्य है। विश्व के लोग भारत को जानना चाहते हैं। विश्व में भारतीय युवाओं के लिए मौके बन रहे हैं। विश्व का सबसे बड़ा हेरिटेज म्यूजियम बनने जा रहा है।

भारतीय यूनिवर्सिटी की ग्लोबल पहचान बढ़ी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारतीय यूनिवर्सिटी की ग्लोबल पहचान बढ़ रही है, विश्व में भारत का गौरव बढा है। देश का युवा कुछ नया करना चाहता है। देश में स्टार्टअप की संख्या अब लाख के पार है। बड़ी कंपनियों ने भारत में निवेश का फैसला लिया है।

डीयू को तीन भवनों की सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली विश्विद्यालय को तीन भवनों की सौगात दी। दिल्ली विश्वविद्यालय के शताब्दी समारोह में पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि डीयू आना मेरे लिए घर आने जैसा है। डीयू हर महत्वपूर्ण क्षण का साक्षी रहा है।

0000

प्रातिक्रिया दे