—
180 देशों के प्रतिनिधियों के साथ पीएम मोदी ने किया योग
—
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बुधवार को भारत ही नहीं, बल्कि पूरा विश्व योगमय हो गया। भारत में न केवल मैदानी इलाकों में, बल्कि हिमालय की गोद से लेकर समुद्र की लहरों पर योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया, साथ ही 180 से अधिक देशों में योगाभ्यास से पूरी दुनिया योगमय हो गयी। योग दिवस की शुरुआत अमेरिका से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के तड़के जारी वीडियो संदेश के साथ हुई, जिसमें उन्होंने कहा है कि भारत ने हमेशा जोड़ने, अपनाने और अंगीकार करने वाली परम्पराओं को पोषित किया है। मोदी ने कहा, हमें योग के माध्यम से विरोधाभासों, बाधाओं और प्रतिरोधों को खत्म करना है। हमें दुनिया के समक्ष ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को उदाहरण के तौर पर प्रस्तुत करना है। प्रधानमंत्री बुधवार शाम संयुक्त राष्ट्र के मुख्यालय में योग दिवस समारोह में भाग लिया। उन्होंने 180 देशों के प्रतिनिधियों के साथ योग किया। उन्होंने 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के प्रस्ताव का उल्लेख करते हुए कहा, भारत के आह्वान पर योग के लिए दुनिया के 180 से ज्यादा देशों का एक साथ आना ऐतिहासिक व अभूतपूर्व है। मोदी ने कहा कि इस बार का योग दिवस इस मायने में विशेष है कि आर्कटिक और अंटार्कटिक स्थित भारत के शोध केंद्रों पर अनुसंधानकर्तओं ने भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। रक्षा मंत्री राजनाथ ने यहां भारत के पहले स्वदेश निर्मित विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत पर सवार नौसेना कर्मियों के साथ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में हिस्सा लिया।
—
लद्दाख की ऊंचाई से लेकर केरल में जल की गहराई तक
भारत में लद्दाख की ऊंचाई से लेकर केरल में जल की गहराई तक तथा आईएनएस विक्रांत से लेकर वंदेभारत एक्सप्रेस तक में योग दिवस का आयोजन किया गया। देश की राजधानी दिल्ली में संसद भवन परिसर तथा पुराना किले में भी योग साधकों ने योगाभ्यास किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने योग को पूरे विश्व के लिए भारत की एक महान सौगात करार देते हुए ट्विटर पर योगाभ्यास करते तस्वीर साझा की। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में योगाभ्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
–
गुजरात में नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड
गृह राज्यमंत्री हर्ष सांघवी ने बुधवार को दावा किया कि गुजरात के सूरत में एक स्थान पर एक लाख से अधिक लोगों ने एक साथ योग कर ‘नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड’ कायम किया है। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने कहा कि पूरे राज्य में योग दिवस कार्यक्रमों में अनुमानित 1.25 करोड़ लोगों ने हिस्सा लिया।
–
सीएम, मंत्रियों की भी भागीदारी
विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों, मंत्रियों और राज्यपालों ने देश के विभिन्न हिस्सों में योगासन किये। दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों- हरदीप सिंह पुरी, मनसुख मांडविया और पीयूष गोयल तथा दिल्ली के राज्यपाल वी. के. सक्सेना ने विभिन्न योग समारोहों में हिस्सा लिया। आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस अब्दुल नजीर ने राजभवन में योगासन किया जबकि अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल ले. जनरल (सेवानिवृत्त) के टी परनायक ने भी योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
–
पीएम मोदी बोले-जिंदगी जीने का तरीका है योग
अमेरिका के तीन दिन के दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को यूएन हेडक्वार्टर में योग दिवस के कार्यक्रम का नेतृत्व करने पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने योग कार्यक्रम में कहा- योग का मतलब है- युनाइट करना यानी साथ लाना। योग जीने का तरीका है। मुझे याद है मैंने यहां 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का प्रस्ताव रखा था। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने के लिए पूरी दुनिया भारत के साथ आई। पीएम मोदी ने कहा कि योग भारत की पुरानी संस्कृति है और इस पर किसी का कॉपीराइट नहीं है
00

