कांग्रेस की शवयात्रा निकाल राजीव भवन में घुसे बजरंगी

कांग्रेस ने कराई एफआईआर दर्ज

धमतरी। कर्नाटक में कांग्रेस के घोषणा पत्र में पीएफआई और बजरंग दल पर कार्रवाई की बात को लेकर देशभर में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।

इसके विरोध में बजरंग दल धमतरी के कार्यकर्ताओं ने शहर में उग्र प्रदर्शन करते हुए सदर बाजार से कांग्रेस पार्टी की शवयात्रा निकाली। बजरंगी शवयात्रा लेकर गांधी मैदान पहुंचे, जहां पुतला दहन की कोशिश की, जिसे पुलिस ने छीनकर अलग किया। इसके बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता और आक्रोशित हो गए और कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन पहुंच गए। मेन गेट को खोलकर सीधे प्रांगण में पहुंच गए एवं कमरे को खोलकर भवन में घुसने की कोशिश की, जिसे पुलिस के जवानों ने रोका। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं में झूमाझटकी हुई। कार्यकर्ताओं को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। वरिष्ठ सदस्य प्रिंस जैन ने बताया कि कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस के घोषणा पत्र में पीएफआई की तुलना बजरंग दल से की गई है। इसका बजरंग दल विरोध करता है। कांग्रेस हमेशा से ही हिन्दू विरोधी बात करते आई है। मौके पर पीयूष पारख, रामचंद देवांगन, सरोज देवांगन, मोंटू साहू, गौरव गोयल, वीराज शुक्ला, डाकेश्वर साहू आदि थे।

आठ के खिलाफ नामजद मामला दर्ज

इस संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शरद लोहाना ने बताया कि बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के कांग्रेस भवन में घुसने की जानकारी उन्हें मिली है। यह उचित नहीं है। धरना प्रदर्शन, पुतला दहन के लिए स्थान चयनित है। प्रदर्शन वहीं करना चाहिए, लेकिन उन्होंने एक राष्ट्रीय पार्टी के कार्यालय में घुसकर हो हल्ला मचाया है। इस कृत्य को कांग्रेस पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी। ऐसे कार्य करने वालों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई है। लिखित शिकायत के आधार पर थाना सिटी कोतवाली में 8 आरोपियों के खिलाफ धारा 147, 427, 452 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

00

प्रातिक्रिया दे