नई दिल्ली। चीन में एक और वायरस का कहर देखने को मिला है। इसमें पहली बार बर्ड फ्लू से किसी इंसान की जान गई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्लूएचओ) ने कहा कि एक चीनी महिला की मौत बर्ड फ्लू एच3एन8 से हुई है। एच3एन8 बर्ड फ्लू से मरने वाली वह दुनिया की पहली व्यक्ति बन गई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक,यह वायरस मनुष्यों में दुर्लभ है और इंसानों के बीच इसका संक्रमण नहीं दिखता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने देर रात एक बयान में कहा कि चीन के दक्षिणी प्रांत ग्वांगडोंग की 56 वर्षीय महिला एच3एन8 एवियन इन्फ्लूएंजा से संक्रमित होने वाली तीसरी व्यक्ति थी। डब्लूएचओ के मुताबिक इन्फ्लूएंजा से संक्रमण के तीनों मामले मामले चीन में ही हुए हैं। इनमें से दो मामले पिछले साल दर्ज किए गए थे।
डब्लूएचओ ने कहा है कि ग्वांगडोंग प्रांतीय रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र ने पिछले महीने के अंत में तीसरे संक्रमण की सूचना दी थी लेकिन महिला की मौत का विवरण नहीं दिया। डब्लूएचओ के मुताबिक, महिला निमोनिया से पीड़ित थी। इसके अलावा उसे और भी कई बीमारियां थीं। वह जीवित कुक्कुट के संपर्क में भी थी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन वहां उसकी मौत हो गई।
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा कि बर्ड फ्लू के वायरस एच3एन8 एवियन इन्फ्लूएंजा से यह दुनिया में पहली मौत का मामला है। संगठन का कहना है कि बर्ड फ्लू वाले लोगों में छिटपुट संक्रमण चीन में आम बात है, जहां एवियन फ्लू के वायरस बड़ी संख्या में पोल्ट्री और जंगली पक्षियों की आबादी में लगातार फैलते रहते हैं।
डब्लूएचओ ने कहा कि बीमार होने से पहले महिला द्वारा दौरा किए गए वेट मार्केट से एकत्र किए गए नमूने इन्फ्लूएंजा ए (एच 3) के लिए पॉजिटिव पाए गए हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि यह बाजार महिला के संक्रमित होने का स्रोत हो सकता है। संगठन ने कहा है कि उस महिला के संपर्क में आए किसी अन्य इंसान में इस तरह का संक्रमण नहीं पाया गया है।
000

