केंद्र पर बरसीं कांग्रेस नेता सोनिया गांधी… लोकतंत्र पर चोट कर रही मोदी सरकार

-एक अंग्रेजी अखबार के लिए लिखे संपादकीय में पीएम मोदी और केंद्र पर साधा निशाना

  • मीडिया को डरा-धमका कर उसकी स्वतंत्रता छीन ली है मौजूदा सरकार ने

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने एक अंग्रेजी अखबार के लिए लिखे एक संपादकीय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने ‘जबरन चुप कराना भारत की समस्याओं को हल नहीं कर सकता’ शीर्षक वाले लेख में कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान आज के सबसे महत्वपूर्ण मुद्दों की उपेक्षा करने या इन मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए होते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र में पीएम मोदी की अगुवाई वाली सरकार ने देश के लोकतंत्र के सभी तीन स्तंभों को व्यवस्थित रूप से खत्म किया है। सोनिया ने संसद में हुई हाल की घटनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने सत्रों को बाधित करना सरकार की रणनीति बताई। कहा, विपक्ष को बेरोजगारी, मुद्रास्फीति, बजट, अदाणी घोटाला और सामाजिक विभाजन जैसे मामलों को उठाने से रोका गया।

बेजोड़ उपायों का सहारा ले रही सरकार

सोनिया ने लोकसभा सांसद के रूप में राहुल गांधी की अयोग्यता और उनके भाषण के कुछ हिस्सों को संसदीय रिकॉर्ड से निकाले जाने पर भी बात की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को एक मजबूत विपक्ष से मुकाबला करने के लिए बेजोड़ उपायों का सहारा लेना पड़ रहा है। गौरतलब है, राहुल गांधी को मोदी सरनेम को लेकर की गई टिप्पणी के लिए सूरत की एक अदालत ने दोषी ठहराया था। जिसके बाद उन्हें लोकसभा सांसद के रूप में अयोग्य घोषित कर दिया गया। साथ ही उनके खिलाफ मानहानि के मामले में दो साल की जेल की सजा सुनाई गई थी।

‘केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग’

सोनिया गांधी ने विपक्ष द्वारा लगाए गए आरोप ‘सरकार केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है’ के बारे में भी बात की। कहा कि 95 प्रतिशत से अधिक राजनीतिक मामले केवल विपक्षी दलों के खिलाफ दर्ज किए गए हैं। वहीं, जो लोग भाजपा में शामिल हो गए उन पर लगे सभी आरोप अचानक से गायब हो गए। वहीं सरकार ने मीडिया को डरा-धमका कर उसकी स्वतंत्रता छीन ली है।

99999

कानून मंत्री रिजिजू ने दी प्रतिक्रिया

सोनिया गांधी के आलेख के बाद केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने बिना उनका नाम लिए सोशल मीडिया पर एक वीडियो के जरिए प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र पर सिर्फ एक बार 1975 में आघात लगा था। हमने बाद में कानून व्यवस्था पर यकीन रखा और लोकतंत्र भारत के जनमानस में आज ही जिंदा है। निर्वाचित सरकार से आप आलोचनात्मक सवाल पूछिए, लेकिन अपने देश पर सवाल मत उठाइए। राष्ट्र के खिलाफ मत जाइए। समस्या तब होती है, जब कुछ लोगों को लगता है कि उन्हीं के पास इस देश को चलाने की ईश्वर प्रदत्त शक्ति है। अगर किसी परिवार या व्यक्तियों को लगता है कि वे सामान्य नागरिकों के ऊपर हैं और विशेषाधिकार प्राप्त पृष्ठभूमि से हैं तो उनकी विचारशीलता एक अलग ही स्तर पर चली जाती है। कानून मंत्री ने आगे कहा कि कांग्रेस नेता सोनिया गांधी लोकतंत्र के बारे में व्याख्यान दे रही हैं? उनका यह बयान कि कांग्रेस न्यायपालिका की स्वतंत्रता के बारे में बात करने वाली पार्टी है, यह पाखंड भरा है।

बजट से ध्यान भटकाया

सोनिया गांधी ने आरोप लगाया कि केंद्रीय बजट 2023 को पारित करने के लिए इन्होंने कई ऐसे मुद्दे उठाए, जिससे लोगों का ध्यान भटक जाए, जिसमें लगभग 45 लाख करोड़ रुपये के खर्च की परिकल्पना की गई थी। नतीजतन, लोगों के पैसे का 45 लाख करोड़ रुपये का बजट बिना किसी बहस के पारित कर दिया गया। वित्त मंत्री ने अपने बजट भाषण में बेरोजगारी या मुद्रास्फीति का उल्लेख भी नहीं किया। ऐसा लगता है जैसे ये समस्याएं हैं ही नहीं।

00000

प्रातिक्रिया दे