नेपाल में भारतीय करेंसी से नहीं मिल रहा सामान

-नेपाली सरकार ने रुपये पर लगाई रोक

काठमांडू। नेपाल ने भारत को एक बार फिर से टेंशन दी है। नेपाल में भारतीय करेंसी से सामान खरीदना मुश्किल हो गया है। नेपाल की सरकार ने 100 से ऊपर की करेंसी पर प्रतिबंध लगा दिया है। जिससे नेपाल में खरीदारी को जा रहे भारतीय लोग बैरंग वापस लौट रहे हैं। नेपाल के बदले व्यवहार से उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के सीमांत क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है। लोगों ने कहा है कि नेपाल में सालों से भारतीय करेंसी से खरीदारी होती रही है, अब नेपाल के कारोबारियों के व्यवहार में आए बदलाव से वे हैरान हैं। पड़ोसी देश नेपाल के बाजार में व्यापारी इन दिनों भारतीय रुपये नहीं ले रहे हैं। दरअसल, नेपाल में भारत की 100 से ऊपर की करेंसी प्रतिबंधित है। वर्ष 2020-21 में इस संबंध में आदेश पारित किया गया था। इस विधेयक को इन दिनों सख्ती से लागू किया जा रहा है।

व्यापार में आई गिरावट

व्यापार मंडल नेपा के संयोजक दशरथ सिंह खड़ायत का कहना है कि भारतीय मुद्रा का मूल्य कम करना चिंता का विषय है। नेपाल के अधिकतर नागरिक रोजगार के लिए भारत पर ही निर्भर हैं। नेपाल के जुलाघाट में पूर्व में पांच लाख से अधिक का व्यापार हुआ करता था। अधिकतर ग्राहक भारतीय ही हैं। लेकिन बड़े नोट नेपाल में प्रतिबंधित होने से व्यापार में गिरावट आ गयी है।

लाखों नेपाली नागरिक भी परेशान

इस समस्या से भारतीय पर्यटक ही नहीं बल्कि सीमा पर कारोबार से जुड़े व्यापारी और भारत में रोजगार के लिए पहुंचने वाले लाखों नेपाली नागरिक भी परेशान हैं। नेपाल के सुदूर पश्चिम विश्वविद्यालय के योजना प्रमुख व अर्थशास्त्रत्त्ी सुरेश भंडारी का कहना है कि नेपाली बाजार में भारतीय करेंसी की स्थिति बीते छह माह से कमजोर चल रही है।

नेपाली मजदूरों को सता रही चिंता

सीमांत जनपद में रोजगार के लिए पहुंचे नेपाली मजूदरों को भी चिंता सता रही है। बहादुर सिंह, राम सिंह थापा ने बताया कि वे जिला मुख्यालय में मजदूरी का कार्य करते हैं। पूर्व में वतन वापसी के दौरान वे भारतीय करेंसी का ही नेपाल में इस्तेमाल करते थे। लेकिन अब बाजार में करेंसी नहीं चल रही है। कोई व्यापारी ले भी रहा है तो वह भारतीय करेंसी की कीमत कम दे रहा है।

00

प्रातिक्रिया दे