‘पश्चिम ने भड़काया युद्ध, अब जिन्न बोतल से बाहर आ गया है’

  • बाइडन के यूक्रेन दौरे से भड़के रूसी राष्ट्रपति ने कहा

-पुतिन ने रूस की संसद को संबोधित करते हुए अमेरिका-नाटो को घेरा

-नाटो द्वारा शांति प्रस्ताव पर सही प्रतिक्रिया न देने का लगाया आरोप

(फोटो : पुतिन)

मास्को। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मंगलवार को रूस की संसद को संबोधित किया। पुतिन का यह संबोधन अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के यूक्रेन दौरे के एक दिन बाद आया है। इसमें उन्होंने अपने देश के लोगों की सुरक्षा को अहम बताया और युद्ध से जुड़े कई एलान भी किए। अपने संबोधन के दौरान पुतिन ने कहा कि वह ऐसे समय देश को संबोधित कर रहे हैं जो देश के लिए मुश्किलों भरा और अहम है। पूरी दुनिया में बड़े बदलाव हो रहे हैं। पुतिन ने कहा कि रूस यूक्रेन को आजाद कराने के लिए लड़ रहा था। पुतिन ने पश्चिमी देशों की भी आलोचना की। पुतिन ने कहा कि मॉस्को ने नाटो के साथ शांति वार्ता का प्रस्ताव दिया था लेकिन नाटो ने इस पर सही प्रतिक्रिया नहीं दी। रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि हालिया म्यूनिख सिक्योरिटी कॉन्फ्रेंस के दौरान रूस के खिलाफ अनगिनत आरोप लगाए गए। पुतिन ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि युद्ध के जरिए पश्चिम ने जिन्न को बोतल से बाहर निकाल दिया है।

पश्चिम को बताया युद्ध का गुनहगार

डोनबास इलाके में शांति स्थापित करने के लिए हमने हरसंभव कोशिश की थी जो कि 2014 के बाद से ही संवेदनशील बना हुआ था लेकिन हमारी पीठ के पीछे अलग साजिश रची जा रही थी। पुतिन ने कहा कि यूक्रेन और डोनबास झूठ के सिंबल बन गए हैं। पुतिन ने पश्चिमी देशों पर समझौते से पीछे हटने, गलत बयानबाजी करने और नाटो का विस्तार करने का आरोप लगाया। पुतिन ने कहा कि पश्चिमी देश ही इस युद्ध के गुनहगार हैं और हम सिर्फ इसे रोकने के लिए सेना का इस्तेमाल कर रहे हैं। पुतिन ने पश्चिमी देशों पर कई देशों में तख्तापलट करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हम पश्चिम के साथ बातचीत के लिए तैयार थे और हम चाहते थे कि समान सुरक्षा व्यवस्था बने लेकिन इसके बदले में हमें भ्रामक जवाब दिए गए। पुतिन ने अमेरिका पर नाटो का विस्तार करने और पूरी दुनिया में अपने सैन्य अड्डे बनाने का आरोप लगाया।

‘पश्चिम की बंधक बन गई यूक्रेनी सरकार’

रूसी राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में दावा किया कि यूक्रेन के लोग अपने पश्चिमी आकाओं के बंधक बन गए हैं। पश्चिमी देशों ने यूक्रेन की राजनीति, अर्थव्यवस्था और सेना पर कब्जा कर लिया है। पुतिन ने यूक्रेन की मौजूदा सरकार पर आरोप लगाया कि वह अपने देश के हित नहीं देख रहे हैं और विदेशी ताकतों के हितों के लिए काम कर रहे हैं।

99999

भारत का प्रमुखता से जिक्र

भाषण में पुतिन ने प्रमुखता से भारत का जिक्र करते हुए कहा कि रूस भारत के साथ अपने सहयोग और व्यापार को बढ़ाना जारी रखेगा। रूस भारत, ईरान, चीन, पाकिस्तान जैसे देशों से आर्थिक संबंध बढ़ाने के लिए नॉर्थ-साऊथ कॉरिडोर का विस्तार करेगा। पुतिन ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र पर जोर देते हुए कहा, ‘हम भारत, ईरान, पाकिस्तान के साथ सहयोग बढ़ाने की उम्मीद करते हैं।

999

बाइडन की यात्रा से हम जीत के और करीब पहुंचेंगे : जेलेंस्की

रूस ने यूक्रेन पर 24 फरवरी, 2022 को हमला किया था। तब से यह पहली बार है जब अमेरिकी राष्ट्रपति यूक्रेन पहुंचे हैं। इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदमीर जेलेंस्की ने कहा कि अमेरिका राष्ट्रपति की यूक्रेन यात्रा हमें जीत के और करीब लाएगी। बाइडन के इस दौरे के परिणाम जरूर देखने को मिलेंगे। इससे हमें निश्चित रूप से युद्ध के मैदान में हमारे क्षेत्रों को मुक्त कराने में मदद मिलेगी।

000000

प्रातिक्रिया दे