कर्नाटक में कैटफाइट… महिला आईपीएस और आईएएस भिड़ीं

-सोशल मीडिया पर निजी तस्वीरें वायरल, गृह मंत्री बोले- ये सड़कछाप बर्ताव

-आईपीएस रूपा ने फेसबुक में आईएएस रोहिणी की तस्वीरें कीं वायरल

-राज्य सरकार करेगी दोनों अफसरों के खिलाफ कार्रवाई

(फोटो : लड़ाई)

बेंगलुरू। कर्नाटक में एक महिला आईपीएस और आईएएस अधिकारी के बीच लड़ाई सार्वजनिक हो चुकी है। यहां तक कि सोशल मीडिया पर भी अधिकारी की निजी तस्वीरें वायरल हुई हैं, जिसको लेकर राज्य की बोम्मई सरकार असमंजस में है। राज्य के दो वरिष्ठ अधिकारियों के बीच बढ़ती लड़ाई को देखते हुए खुद राज्य के गृहमंत्री को आगे आना पड़ा है। कर्नाटक के गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र ने कहा कि हम चुप नहीं बैठे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वे दोनों इतना बुरा बर्ताव कर रही हैं, ऐसा व्यवहार तो आम लोग सड़कों पर भी नहीं करते। ये बहुत बुरा व्यवहार है। उन्हें अपने व्यक्तिगत मुद्दों पर जो भी करना है करें, लेकिन सोशल मीडिया पर ऐसा व्यवहार नहीं करना चाहिए। उन्होंने इस मामले में राज्य के पुलिस प्रमुख व मुख्यमंत्री से भी बात की है।

सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन

कर्नाटक की आईपीएस अधिकारी डी रूपा मौदगिल ने रविवार को अपने फेसबुक पेज पर आईएएस अधिकारी रोहिणी सिंधुरी की तस्वीरें वायरल कर दीं। उन्होंने दावा किया कि महिला आईएएस अधिकारी ने पुरुष आईएएस अधिकारियों को अपनी निजी तस्वीरें भेजकर सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि रोहिणी सिंधुरी ने 2021 से 2022 के बीच तीन आईएएस अधिकारियों को ये तस्वीरें भेजी थीं।

भ्रष्टाचार के लगाए थे आरोप

इससे एक दिन पहले आईपीएस अधिकारी डी रूपा ने आईएएस सिंधुरी के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए थे। कहा था कि उन्होंने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और मुख्य सचिव वंदिता शर्मा से की है।

सिंधुरी ने आरोपों को किया खारिज

तस्वीरें वायरल होने के बाद महिला आईएएस सिंधुरी ने आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा है कि डी रूपा उनके खिलाफ एक झूठा अभियान चला रही हैं और उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा, अगर मैंने ये तस्वीरें आईएएस अधिकारियों को भेजी हैं, तो वह उनके नामों का वह खुलासा भी करें।

ऐसे से शुरू हुआ विवाद

यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ, जब एक रेस्टोरेंट में जनता दल के विधायक सा रा महेश के साथ आईएएस अधिकारी सिंधुरी की तस्वीरें वायरल हुईं। बता दें, 2021 में जब सिंधुरी मैसूर में तैनात थीं, तब दोनों ने एक दूसरे पर भ्रष्टाचार के कई आरोप लगाए थे। बता दें, वर्तमान में डी रूपा कर्नाटक हस्तशिल्प विकास निगम की प्रबंध निदेशक हैं और सिंधुरी हिंदू धार्मिक संस्थानों और धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग की आयुक्त हैं।

0000

प्रातिक्रिया दे