त्रिपुरा में 81 फीसदी मतदान, ईसी ने दिया भाजपा-कांग्रेस को नोटिस

—-60 सीटों के लिए मैदान में 259 प्रत्याशी

अगरतला। त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के लिए मतदान संपन्न हो गया है। राज्य में 81.1 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। त्रिपुरा की 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान हुआ। 20 महिला उम्मीदवारों सहित कुल 259 प्रत्याशी मैदान में हैं। इधर, त्रिपुरा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने गुरुवार को कांग्रेस और भाजपा की राज्य इकाइयों के साथ-साथ भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव दिलीप सैकिया को पूर्वोत्तर राज्य में मतदान होने पर ट्विटर पर वोट मांगने के लिए नोटिस जारी किया। त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री और कम्युनिस्ट पार्टी के नेता माणिक सरकार ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, ‘कहीं-कहीं भाजपा की ओर से असामाजिक तत्व परेशानी खड़ी कर रहे हैं और लोगों को निर्भय होकर वोट डालने से रोक रहे हैं। लेकिन जनता वोट डालने की पूरी कोशिश कर रही है। कुछ जगहों पर जहां मतदाताओं को मतदान करने की अनुमति नहीं है, वे सड़कों को अवरुद्ध कर रहे हैं और चुनाव आयोग से गुहार लगा रहे हैं कि अगर उन्हें वोट नहीं डालने दिया गया तो वे दूसरों को वोट नहीं डालने देंगे।

चुनाव आयोग का नोटिस

वोटिंग के दौरान ट्वीट करके अपने पक्ष में वोट मांगने पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने त्रिपुरा भाजपा और कांग्रेस को नोटिस जारी किया है। आयोग ने इसे आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन माना है। आयोग ने इस मामले में दोनों ही पार्टियों से जवाब मांगा है।

दक्षिण त्रिपुरा में मारपीट

दक्षिण त्रिपुरा जिले के 36-शांतिरबाजार निर्वाचन क्षेत्र में कलाचेरा मतदान केंद्र के बाहर एक सीपीआई समर्थक को बुरी तरह पीटने का मामला समाने आया है। घायल को अस्पताल ले जाया गया है और पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है। वहीं त्रिपुरा निर्वाचन आयोग की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक एक भाकपा समर्थक के साथ मारपीट की गई है, जिसमें वह घायल हो गया है। उन्हें हमारे अधिकारियों द्वारा अस्पताल ले जाया गया है।

000

प्रातिक्रिया दे