-बीआरएस की जनसभा में विपक्ष का शक्ति-प्रदर्शन… केजरी, अखिलेश ने साधा मोदी-भाजपा पर निशाना

खम्मम। तेलंगाना में सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने खम्मम में एक जनसभा का आयोजन किया। जनसभा में मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की उपस्थिति में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, पंजाब के सीएम भगवंत मान, केरल के सीएम पिनाराई विजयन, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और सीपीआई महासचिव डी. राजा शामिल हुए।

इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि कल भाजपा की कार्यकारिणी बैठक खत्म हुई, उन्होंने कहा कि 400 दिन बाकी है, हमें तो लगता था कि ये सरकार वो है जो दावा करती थी कि हटेगी नहीं लेकिन अब वो स्वयं स्वीकार रहे हैं कि अब 400 दिन है। जो सरकार अपने दिन गिनने लगे तो समझ लो ये सरकार 400 दिन बाद रुकने वाली नहीं है।

केसीआर ने भाजपा को घेरा

भारत राष्ट्र समिति के प्रमुख एवं तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने कहा कि ‘रायतु बंधु’ जैसी कल्याणकारी योजनाओं को पूरे देश में लागू किया जाना चाहिए। राव ने एलआईसी के विनिवेश को लेकर केंद्र की आलोचना की।

केजरी ने साधा मोदी पर निशाना

दिल्ली के मुख्यमंत्री अऱविंद केजरीवाल ने कहा, तमिलनाडु के गर्वनर एमके स्टालिन को तंग कर रहे हैं, दिल्ली वाले एलजी मुझे परेशान कर रहे हैं। ये राज्यपाल मुख्यमंत्रियों को तंग कर रहे हैं। ये गवर्नर नहीं पीएम मोदी साहब तंग कर रहे हैं। केजरीवाल ने कहा कि पीएम नरेंद मोदी का बढ़ती बेरोजगारी से कुछ लेना देना नहीं है। वो 24 घंटे सोचते हैं कि मुख्यमंत्रियों को कैसे तंग करें? वो सोचते हैं कि किसी पार्टी के विधायक या सांसद को कैसे खरीदे जाए। अब देश बदलाव मांग कर रहा है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, भारतीय जुमला पार्टी (बीजेपी) देश को गुमराह कर रही है। वे हर चीज हासिल करना चाहते हैं। जहां वह नहीं जीतते वहां उपचुनाव द्वारा जीत जाते हैं।

पिनराई विजयन ने कही यह बात

तेलंगाना में बीआरएस की बैठक में केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने भाजपा शासित केंद्र पर देश के लोकतंत्र की नींव को ‘खराब’ करने का आरोप लगाते हुए धर्मनिरपेक्षता, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए ‘नए प्रतिरोध’ का आह्वान किया। माकपा नेता ने आरोप लगाया कि केंद्र लगातार देश के संघीय ढांचे को ‘नष्ट’ करने की कोशिश कर रहा है और गैर-भाजपा राज्य सरकारों को निशाना बनाने के लिए राज्यपालों के कार्यालयों का उपयोग कर रहा है।

भाजपा को हराना जरूरी : डी राजा

भाकपा महासचिव डी राजा ने बुधवार को कहा कि भाजपा के खिलाफ लड़ने और 2024 के लोकसभा चुनाव में उसे सत्ता से हटाने के लिए सभी धर्मनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक पार्टियों को एक साथ आने की जरूरत है। राजा ने केंद्र की एनडीए सरकार पर संविधान और लोकतांत्रिक शासन को बदलने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हमें भाजपा-आरएसएस गठबंधन के खिलाफ लड़ना होगा और आगामी 2024 के चुनाव में उन्हें हराना होगा। यह संदेश तेलंगाना के क्रांतिकारी केंद्र खम्मम से जाना चाहिए। मैं यहां मौजूद सभी धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक दलों से अपील करता हूं।

00000

प्रातिक्रिया दे