नई दिल्ली। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा इन दिनों हरियाणा में है। शुक्रवार को यहां गंगा-जमुनी तहजीब का दिल को सुकून देने वाला नजारा देखने को मिला। पदयात्रा के दौरान सोहना के खेरली लाला में राहुल गांधी को एक मुस्लिम महिला ने भोलेनाथ की मूर्ति गिफ्ट की। बता दें, राहुल खुद को भोले का भक्त बता चुके हैं।
कांग्रेस ने ईश्वर-अल्लाह तेरो नाम…इस खूबसूरत संदेश के साथ इसकी तस्वीर भी ट्वीट की है। इस फोटो में एक मुस्लिम महिला राहुल गांधी को भगवान शिव की तस्वीर भेंट कर रही है। सद्भावना का संदेश देने वाली इस तस्वीर के साथ कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने ट्वीट किया- वो इबादत ज़रूर अल्लाह की करती होगी पर हाथ में राहुल गांधी के लिए भोलेनाथ की मूर्ति लिए वो मेरे देश की आत्मा है- यही भारत जुड़ना है।
शुक्रवार को यात्रा में राहुल गांधी के साथ यात्रा में डीएमके नेता कनिमोई की बेटी करुणानिधि भी नजर आईं। उन्होंने राहुल के साथ लंबी दूरी तक पदयात्रा की। राहुल गांधी और करुणानिधी को हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया।
हरियाणा से गुजर रही यात्रा
बता दें कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ बुधवार को राजस्थान से हरियाणा में दाखिल हुई थी। राहुल के साथ हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, रणदीप सिंह सुरजेवाला, कुमारी शैलजा, करण सिंह दलाल सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने शुक्रवार को पदयात्रा की। शनिवार को यह दिल्ली में प्रवेश करेगी। भारत जोड़ो यात्रा सात सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी। तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और राजस्थान से होकर यात्रा हरियाणा पहुंची है। 3500 किमी लंबी ये यात्रा जम्मू-कश्मीर में खत्म होगी।
000

