- नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को दावा किया कि एमसीडी चुनावों में आम आदमी पार्टी बहुमत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि भारत के चुनावी इतिहास में आम आदमी पार्टी ने ही 70 में 67 सीटें जीतने का रिकॉर्ड बनाया था। अब दिल्ली नगर निगम के चुनावों में भी आम आदमी पार्टी ऐसा ही रिकॉर्ड कायम करने जा रही है। इसके साथ ही केजरीवाल ने वादा किया कि एमसीडी में जीत दर्ज करने के बाद आम आदमी पार्टी एक योजना लॉन्च करेगी जिसका नाम ‘जनता चलाएगी एमसीडी’ होगा।
केजरीवाल ने कहा कि अक्सर देखा जाता है कि लोगों को छोटे छोटे काम कराने के लिए नेताओं के चक्कर काटने पड़ते हैं। अब जनता निर्णय लेगी और काम कराएगी। एक तरह से जितनी रॉस (आरडब्लूएएस) हैं, उन्हें ‘मिनी पार्षद’ का स्टेटस दिया जाएगा। जैसे एक पार्षद अपने इलाके का नेता होता है और समस्याओं का समाधान कराता है, उसी तरह रॉस (आरडब्लूएएस) को ‘मिनी पार्षद’ का दर्जा दिया जाएगा। जिसे भी अपना काम कराना होगा उसे रा (आरडब्लूए) दफ्तर जाकर अपनी बात कहनी होगी। रॉस (आरडब्लूएएस) के पास कामों को कराने की पॉवर दी जाएगी।
उपलब्ध कराए जाएंगे फंड
केजरीवाल ने बताया कि रॉस (आरडब्लूएएस) को अपने दफ्तरों को चलाने के लिए फंड उपलब्ध कराए जाएंगे। एकतरह से रियल मायने में रॉस (आरडब्लूएएस) का सशक्तिकरण किया जाएगा। इसका मकसद जनता को दिल्ली का मालिक बनाना है। दिल्ली के हर नागरिक को दिल्ली का मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। इस योजना के जरिए सीधे सत्ता लोगों के हाथ में दी जाएगी। जनता रॉस (आरडब्लूएएस) के जरिए अपने सारे काम कराएगी। मेरी रॉस (आरडब्लूएएस) के लोगों से गुजारिश है कि आप लोगों के घर घर जाकर आम आदमी पार्टी को वोट देने की अपील करें।
भाजपा ने दिल्ली को बनाया कूड़ा
अभी एक दिन पहले ही दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने नगर निगम में सरकार बनने पर कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने का वादा किया था। उन्होंने ने कहा था कि दिल्ली नगर निगम में उनकी सरकार बनने पर सफाई कर्मचारियों को हर महीने समय पर वेतन दिया जाएगा और सभी कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने महीनों तक सफाई कर्मचारियों के वेतन का भुगतान नहीं किया। भाजपा ने दिल्ली को कूड़ा स्थल में तब्दील कर दिया है।
00000

