कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के बीच कांग्रेस नेता और वायनाड के सांसद राहुल गांधी गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में जनसभाओं को संबोधित करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने बताया, गांधी 21 नवंबर को गुजरात का दौरा करेंगे। वह सार्वजनिक रैलियां करने के लिए राजकोट और सूरत जाएंगे। गौरतलब है कि राहुल गांधी की गुजरात जनसभा की पुष्टि इससे पहले राजस्थान कांग्रेस प्रमुख गोविंद सिंह डोटासरा ने नौ नवंबर को एक प्रेस वार्ता के दौरान की थी। गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा था कि भारत जोड़ो यात्रा के बीच गांधी गुजरात विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के प्रचार में भी हिस्सा लेंगे। बता दें कि 182 सदस्यीय गुजरात विधानसभा के लिए चुनाव दो चरणों में एक और पांच दिसंबर को होंगे। मतों की गिनती आठ दिसंबर को होगी। कांग्रेस पार्टी ने गुजरात चुनावों के लिए अपने स्टार प्रचारकों की सूची की घोषणा पहले ही कर दी है। कांग्रेस पार्टी ने 182 सदस्यीय गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए अपने 179 उम्मीदवारों की सूची की घोषणा की है।
000

