दिल्ली के उपराज्यपाल को एक पत्र लिखकर सुकेश ने किया दावा
-राज्यसभा जाने के लिए ‘आप’ को 50 करोड़ चंदा देने का भी किया खुलासा
-दिल्ली की सियासत में आया उबाल, भाजपा ने आप पर खड़े किए सवाल
(फोटो)
नई दिल्ली। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली की मंडोली जेल में बंद ठग सुकेश चंद्रशेखर ने दिल्ली की सियासत में भूचाल ला दिया है। सुकेश ने दिल्ली के उपराज्यपाल को एक पत्र लिखकर केजरीवाल के मंत्री सत्येंद्र जैन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इसके बाद से दिल्ली में सियासत गरम है।
सुकेश चंद्रशेखर के वकील ने मंगलवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सुकेश ने एलजी को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि आम आदमी पार्टी (आप) नेता सत्येंद्र जैन ने जेल में उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 2019 में 10 करोड़ रुपये (प्रोटेक्शन मनी) वसूले थे। सुकेश ने 7 अक्टूबर को पत्र लिखा था और उसके वकील अशोक के सिंह ने 8 अक्टूबर को वह पत्र उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना को सौंपा था। उसने शिकायत पर जांच एजेंसी को मामला दर्ज कर इसकी जांच सीबीआई को सौंपने का निर्देश देने की मांग की है।
जेल में हुई थी मुलाकात
सुकेश ने आरोप लगाया है कि उसने दक्षिणी क्षेत्र में पार्टी में कोई महत्वपूर्ण पद देने और राज्यसभा भेजने में मदद के बदले ‘आप’ को 50 करोड़ रुपये से अधिक का चंदा दिया था। उसने आरोप लगाया है कि 2017 में ‘दो पत्ती चुनाव चिह्न भ्रष्टाचार मामले’ में गिरफ्तारी के बाद उसे तिहाड़ जेल में बंद कर दिया गया था, तब सत्येंद्र जैन ने उससे मुलाकात की थी, जो उस समय जेल विभाग के भी मंत्री थे।
–
आप बनी भ्रष्टाचारियों की पार्टी : भाजपा
दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री सत्येंद्र जैन अवैध लेनदेन के एक अन्य मामले में पहले से तिहाड़ जेल में बंद हैं। भाजपा ने सत्येंद्र जैन पर जेल में रहते हुए उगाही करने का आरोप लगाया है। भाजपा नेता संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के खिलाफ लगातार एक के बाद एक भ्रष्टाचार के मामले सामने आ रहे हैं। शराब घोटाला और शिक्षा घोटाले के बाद यह एक गंभीर मामला सामने आया है। अब आप भ्रष्टाचारियों की पार्टी हो गई है। अब तक वह योजनाओं के जरिए जनता के पैसे की लूट कर रही थी, लेकिन अब वह बड़े-बड़े अपराधियों से भी उगाही कर रही है।
–
छवि खराब करने की साजिश : केजरीवाल
इस मामले के सामने आने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल मीडिया के सामने आए। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से राजनीति की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भाजपा पंजाब में चुनाव हार रही थी तब कुमार विश्वास से आपत्तिजनक बयान दिलवाकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई थी। इसी प्रकार अब गुजरात में चुनाव हारने के डर से सत्येंद्र जैन पर आरोप गढ़े जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मोरबी कांड से जनता का ध्यान भटकाने के लिए इस मामले को उछाला जा रहा है, जबकि सुकेश के आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है। यह पूरा मामला राजनीतिक है और इसमें कोई सच्चाई नहीं है।


 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                