तीन वैज्ञानिकों को भौतिकी का नोबेल… उस तकनीक के लिए नोबेल, जिससे व्हाट्सएप मैसेज रहता है सीक्रेट

स्टॉकहोम। महत्वपूर्ण उपयोग वाले क्वांटम सूचना विज्ञान पर कार्य करने के लिए तीन वैज्ञानिकों को संयुक्त रूप से इस वर्ष का भौतिकी का नोबेल पुरस्कार देने की मंगलवार को घोषणा की गई। रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने ‘क्वांटम सूचना विज्ञान’ के लिए फ्रांस के एलै एस्पै, अमेरिका के जॉन एफ क्लाउसर और ऑस्ट्रिया के एंतन साइलिंगर को यह पुरस्कार देने की घोषणा की। क्वांंटम साइंस ही उस इनक्रिप्शन के लिए जिम्मेदार है, जो व्हाट्सएप और दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आपके मैसेज को सीक्रेट रखती है।

क्वांटम सूचना विज्ञान का एक उदाहरण ‘इनक्रिप्शन’ भी है। उल्लेखनीय है कि ‘इनक्रिप्शन’ एक ऐसी पद्धति है, जिसके जरिए सूचना को गुप्त कोड में परिवर्तित किया जाता है जो सूचना के सही अर्थ को छिपा देता है। नोबेल कमेटी की सदस्य इवा ओलसन ने कहा, क्वांटम सूचना विज्ञान एक जीवंत और तेजी से विकसित हो रहा क्षेत्र है। उन्होंने कहा, सूचना के सुरक्षित स्थानांतरण, क्वांटम कंप्यूटिंग और सेंसिंग प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में इसके व्यापक उपयोग की संभावना है। इवा ने कहा, इसकी जड़ें क्वांटम मेकैनिक्स तक जाती हैं। उन्होंने कहा, इसके अनुमानों ने एक दूसरी दुनिया के द्वार खोल दिए हैं और माप की हमारी व्याख्या की पूरी बुनियाद को भी इसने हिलाकर रख दिया है। घोषणा के बाद साइलिंगर ने एक संवाददाता सम्मेलन में फोन पर कहा कि उन्हें पुरस्कार मिलने की घोषणा सुनकर वह स्तब्ध हैं। वियना विश्वविद्यालय से संबद्ध साइलिंगर (77) ने कहा, लेकिन यह सकारात्मक अनुभव है।

2010 में मिला था वुल्फ पुरस्कार

उल्लेखनीय है कि तीनों वैज्ञानिकों को 2010 में इजराइल में वुल्फ पुरस्कार मिला था, जिसे नोबेल पुरस्कार मिलने की संभावना बनाने वाला पुरस्कार माना जाता है। नोबेल कमेटी ने कहा कि क्लाउसर (79) क्वाटम सिद्धांत को व्यावहारिक प्रयोग में लेकर आए और एस्पै (75) ने 1960 के दशक में पहली बार प्रतिपादित किए गए इस सिद्धांत की खामियों को दूर किया, जबकि साइलिंगर ने ‘क्वांटम टेलीपोर्टेशन’ को प्रदर्शित किया जिसने दूरी तक सूचना के पारेषण में मदद की।

कल रसायन विज्ञान का नोबेल

बुधवार को रसायन विज्ञान और गुरुवार को साहित्य के क्षेत्र में इन पुरस्कारों की घोषणा की जाएगी। इस वर्ष (2022) के नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा शुक्रवार को और अर्थशास्त्र के क्षेत्र में पुरस्कार की घोषणा 10 अक्टूबर को होगी। पुरस्कार के रूप में विजेता को करीब एक करोड़ स्वीडिश क्रोनर (करीब 9,00,000 डॉलर) दिए जाएंगे।

00000

प्रातिक्रिया दे