हिमस्खलन में फंसे प्रशिक्षु पर्वतारोही, 10 की मौत, आठ रेस्क्यू, 11 लापता

—-उत्तराखंड में बर्फानी तूफान, लौट रहे थे 34 प्रशिक्षु और सात प्रशिक्षक

उत्तरकाशी/नई दिल्ली। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में डोकरानी बामक ग्लेशियर में हिमस्खलन हो गया। इसमें नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के 34 प्रशिक्षु और सात पर्वतारोहण प्रशिक्षक फंसे गए। इस आपदा में अब तक 10 प्रशिक्षु पर्वतारोहियों की मौत हो गई। आठ लोगों का रेस्क्यू किया गया है, वहीं 20 की तलाश की जा रही है। इधर, सीएम धामी ने रक्षामंत्री से मदद मांगी है, वहीं केंद्रीय गृहमंत्री ने बचाव में जुटे अधिकारियों से बात की।


उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित माउंट द्रौपदी का डांडा-द्वितीय शिखर पर मंगलवार को हिमस्खलन में दस पर्वतारोहियों की मौत हो गई। नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) के प्राचार्य कर्नल अमित बिष्ट ने बताया कि ‘निम’ के 34 प्रशिक्षु पर्वतारोहियों और सात प्रशिक्षकों की एक टीम वापस आते समय हिमस्खलन में फंस गई। उन्होंने कहा कि दस शव दिखे हैं जिनमें से चार को बरामद कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि हिमस्खलन सुबह 8.45 बजे हुआ। उत्तरकाशी आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने कहा कि फंसे लोगों में से आठ को उनकी टीम के सदस्यों ने बचाया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट करके कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा मोचन बल, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के पर्वतारोहियों की एक टीम ने बचाव अभियान शुरू किया है। मुख्यमंत्री धामी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी फोन पर बात की और बचाव अभियान में तेजी लाने के लिए सेना की मदद मांगी।


एसडीआरएफ की पांच टीमें रवाना

डीआईजी एसडीआरएफ रिद्धिम अग्रवाल ने बताया कि एयरफोर्स से शासन ने संपर्क किया है। तीन हेलिकॉप्टर पूरे क्षेत्र की रेकी करेंगे। एसडीआरएफ कमांडेंट मणिकांत मिश्रा ने बताया कि सहस्त्रधारा हेलीपैड से एसडीआरएफ की पांच टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैं। तीन टीमों को रिजर्व में रखा गया है। जरूरत पड़ने पर इन टीमों को भी रवाना किया जाएगा।

22 सितंबर से चल रहा था प्रशिक्षण

नेहरु पर्वतारोहण संस्थान निम का डोकरानी बामक ग्लेश्यिर में द्रोपदी डांडा-2 पहाड़ी पर बीते 22 सितंबर से बेसिक/एडवांस का प्रशिक्षण चल रहा था। इसमें बेसिक प्रशिक्षण 97 प्रशिक्षार्थी, 24 प्रशिक्षक व निम के एक अधिकारी समेत कुल 122 लोग शामिल थे। एडवांस कोर्स में 44 प्रशिक्षणार्थी व नौ प्रशिक्षक समेत कुल 53 लोग शमिल थे।


चलाया जा रहा रेस्क्यू

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि क्रेवांस में फंसे लोगों को निकालने के लिए निम द्वारा रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। घटना स्थल पर निम के पास दो सेटेलाइट फोन मौजूद हैं। रेस्क्यू अभियान के लिए निम के अधिकारियों के साथ निरन्त समन्वय किया जा रहा है।

सीएम ने रक्षा मंत्री से मांगी मदद

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट पर जानकारी दी कि उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से इस मामले में बात की है। उन्होंने लिखा कि रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने के लिए सेना की मदद लेने के लिए अनुरोध किया गया है, जिसको लेकर उन्होंने हमें केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहायता देने के लिए आश्वस्त किया है।

शाह ने ली जानकारी

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पर्वतारोहियों की मौत पर दुख व्यक्त किया। ट्वीट पर कहा कि उत्तरकाशी में हुई हिमस्खलन की घटना अत्यंत दुःखद है। इस संबंध में मैंने अधिकारियों से बात की है। स्थानीय प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी व सेना की टीमें पूरी तत्परता से राहत-बचाव कार्यों में जुटी हैं।

000

प्रातिक्रिया दे